शाहपुरा में 3 सितंबर को जलझूलनी महोत्सव व विराट शोभायात्रा

- शाहपुरा।
शाही लवाजमे के साथ ठाकुरजी के बेवाण होंगे जलविहार
प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी श्री चारभुजानाथ भक्त मंडल और नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में 3 सितंबर, बुधवार को जलझूलनी एकादशी महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर नगर के सभी मंदिरों से ठाकुरजी के सजे-धजे बेवाण एकत्र होकर शाही लवाजमे के साथ विराट शोभायात्रा में शामिल होंगे।
शोभायात्रा अपराह्न 3 बजे महलों के चौक से प्रारंभ होगी, जिसमें राजसमंद के प्रसिद्ध बैंडबाजे, मन्दसौरी ढोल, शंख-नाद, नगाड़े और शहनाई की गूंज रहेगी। यात्रा में कोटा कला मंडल की ओर से गरुड़जी की झांकी, शिव-नंदी, नृसिंह भगवान, राधा-कृष्ण संग गोपियों का रास, अघोरी नृत्य और डमरू नृत्य जैसे आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
यात्रा मार्ग पर पुष्पवर्षा और इत्र की फुहारों से श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा। सभी बेवाण सदर बाजार और त्रिमूर्ति चौराहा होते हुए पिवनियां तालाब पहुंचेंगे, जहां पुजारियों द्वारा ठाकुरजी को जलविहार कराया जाएगा और सामूहिक महाआरती उतारी जाएगी।
महोत्सव की शोभा बढ़ाने के लिए सरोवर के बीच बने बगरू टापू से आतिशबाजी होगी। इसके बाद ठाकुरजी के बेवाण अपने-अपने मंदिरों को प्रस्थान करेंगे।
आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं द्वारा मंदिरों को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है, वहीं नगर परिषद द्वारा शोभायात्रा मार्ग पर तोरण द्वार और रंग-बिरंगी सजावट की जा रही है।













