शीर्षक: वायरल वीडियो पर शिक्षा विभाग की चुप्पी, 5 दिन बाद भी सिर्फ जांच — कार्रवाई शून्य

रिपोर्टर : नरेंद्र कुमार रेगर
कोटड़ी थाना क्षेत्र में बालिकाओं के एक विद्यालय कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वायरल वीडियो में विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिला शिक्षिकाएं गानों पर डांस करती स्पष्ट नजर आ रही हैं। इसके बावजूद पांच दिन बीत जाने के बाद भी शिक्षा विभाग ने अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की है।
सूत्रों के अनुसार विभाग ने संबंधित मामले में केवल नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है, लेकिन न तो किसी को निलंबित किया गया और न ही संस्था प्रधान के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाया गया। जबकि पूरा घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड होने के कारण जांच की आवश्यकता पर ही लोगों द्वारा सवाल उठाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तथ्य स्पष्ट हैं तो कार्रवाई में देरी क्यों की जा रही है। वहीं चर्चा यह भी है कि मामले को ठंडा करने के लिए जांच प्रक्रिया को जानबूझकर लंबा खींचा जा रहा है।
विद्यालय कार्यक्रम की जिम्मेदारी संस्था प्रधान की होती है, ऐसे में उनकी जवाबदेही तय नहीं होना भी लोगों को खटक रहा है। शिक्षा के मंदिर की गरिमा से जुड़े इस मामले में अब सभी की नजरें शिक्षा विभाग पर टिकी हैं कि यह कार्रवाई सिर्फ खानापूर्ति तक सीमित रहेगी या वास्तव में जिम्मेदारी तय कर कठोर कदम उठाए जाएंगे।
Narendra kumar Regar











