श्री चंद्रवा प्रांत श्रीमाली ब्राह्मण समाज, रानी – ऋषिकुल भवन खस्ता हालात में, अब चुनाव ही समाधान

- रानी/पाली
श्री गोडवाड़ श्रीमाली ब्राह्मण चंद्रवा प्रांत का सामुदायिक भवन ऋषिकुल आज बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। खिड़की-दरवाजे टूट रहे हैं, मैदान डंपिंग ग्राउंड जैसा दिखता है और दीवारों का प्लास्टर झड़ने लगा है। समाज की धरोहर माने जाने वाले इस भवन की दुर्दशा किसकी जिम्मेदारी है, यह सवाल अब समाज में गूंज रहा है।
पिछले 20 वर्षों से एक ही अध्यक्ष पद पर बने हुए हैं, लेकिन उनकी कार्यप्रणाली पर समाज में गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि अध्यक्ष और उनकी कार्यकारिणी ने चुनाव नहीं कराए और अपनी हठधर्मिता और पद की लालसा के चलते भवन की हालत को नजरअंदाज किया।

कहा जा रहा है कि कार्यालय पते और समाज के रजिस्ट्रेशन नंबर का दुरुपयोग हो रहा है। फालना स्टेशन के पते का उपयोग करके समाज के नाम पर आने वाली राशि और करीब 2 साल से आइसक्रीम व सब्जी वालों से प्राप्त किराया लिया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद भवन की मरम्मत या रखरखाव नहीं किया गया।
समाज का मानना है कि इस स्थिति के लिए सीधे तौर पर वर्तमान अध्यक्ष नंदकिशोर दवे और उनकी कार्यकारिणी जिम्मेदार हैं। अब समाज में यह भावना प्रबल है कि समय रहते बदलाव होना चाहिए।
12 सितंबर को होने वाली वार्षिक आमसभा में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित होकर समाधान निकालें, अन्यथा यह भवन खंडहर बनने से कोई नहीं रोक पाएगा। समय आ गया है कि समाज एकजुट होकर नई कार्यकारिणी चुने और एक नए चंद्रवा प्रांत की नींव रखे।













