सरदार नगर के हरिओम माली ने रचा इतिहास, 97.60% अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान

- लुनिया टाइम्स न्यूज़ | बनेड़ा – परमेश्वर दमामी
सरदार नगर के होनहार छात्र हरिओम माली ने 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हरिओम, पिता सम्पत माली, अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
हरिओम भीलवाड़ा स्थित श्री महेश शिक्षा सदन में अध्ययनरत था। गांव से लगभग 40 किलोमीटर दूर रहकर, परिवार से अलग कमरे में रहकर पढ़ाई करना उसके लिए आसान नहीं था, लेकिन उसने परिस्थितियों को अपने लक्ष्य के आड़े नहीं आने दिया।
उसकी पढ़ाई की दिनचर्या बेहद अनुशासित रही। विद्यालय के बाद वह प्रतिदिन लगभग 8 घंटे लाइब्रेरी में स्वाध्याय करता था और देर रात 1–2 बजे तक पढ़ाई जारी रखता था। लगातार अभ्यास और समर्पण ने उसे यह उल्लेखनीय सफलता दिलाई।
हरिओम की इस उपलब्धि के पीछे उसके परिवार का मजबूत सहयोग और प्रेरणा भी रही। परिवार के समर्थन ने उसकी मेहनत को और मजबूती दी।
इस उपलब्धि पर सरदार नगर सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों और परिचितों ने हरिओम को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।













