सीतला सप्तमी पर महेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

- भायंदर (पश्चिम) | विक्रम बी. राठौड़, मुंबई/बाली
भायंदर पश्चिम के ईदरा कॉम्प्लेक्स, 60 फीट रोड स्थित Maheshwar Mahadev Mandir Bhayander West में मंगलवार 10 मार्च 2026 को Sheetala Saptami का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल देखने को मिला।

पर्व के एक दिन पहले 9 मार्च को परंपरा के अनुसार माताजी के लिए “बासोड़ा” का भोजन तैयार किया गया। अगले दिन मंगलवार सुबह करीब 6 बजे से ही महिलाएं और युवतियां पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर मंदिर पहुंचीं और माता को बासोड़ा का भोग लगाया। श्रद्धालुओं ने मक्की का धाट, चावल, दही, नैवेद्य, सुकड़ी सहित अन्य प्रसाद चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही काजल, कुमकुम का तिलक, मेहंदी और नाड़ा-चूड़ी अर्पित कर माता से परिवार की खुशहाली और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मंदिर परिसर को इस अवसर पर भगवा पताकाओं, आकर्षक सजावट और रोशनी से सजाया गया था। सुबह से ही हजारों श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने लगे, जिसके चलते लंबी कतारें लग गईं। भक्तजन चावल, दही, फूल-माला, नारियल, चुनरी और प्रसाद चढ़ाकर माता से सुख-शांति और देश में अमन-चैन की प्रार्थना करते नजर आए।
मंदिर के पुजारी जगदीश भाई श्रीमाली ने बताया कि महेश्वर महादेव मंदिर को श्रद्धालु अत्यंत चमत्कारिक मानते हैं। यहां श्रद्धा से की गई प्रार्थनाएं शीघ्र फलित होती हैं। यही कारण है कि हर वर्ष सीतला सप्तमी के अवसर पर बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं और पूरे श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना करते हैं।
















