सेवा भारती के बाल संस्कार केंद्र में प्रांत सह मंत्री का प्रकल्प दर्शन, संस्कार आधारित शिक्षा पर दिया जोर

सेवा भारती के प्रांत सह मंत्री ने किए प्रकल्प दर्शन
सेवा भारती के प्रांत सह मंत्री विजयसिंह माली ने स्थानीय डॉ. भीमराव अम्बेडकर कॉलोनी में संचालित बाल संस्कार केन्द्र का प्रकल्प दर्शन किया।
इस अवसर पर उन्होंने भैया-बहनों से आत्मीय संवाद कर केन्द्र की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
जिला प्रकल्प प्रमुख प्रकाश त्रिवेदी ने बताया कि माली ने केन्द्र के संचालन, शैक्षिक गतिविधियों एवं संस्कार आधारित शिक्षण पद्धति की सराहना की।
प्रकल्प शिक्षिका उर्मिला ने केन्द्र में कराई जा रही गीत, कहानी, खेल एवं नैतिक शिक्षा की गतिविधियों से उन्हें अवगत कराया।
सेवा भारती द्वारा संचालित बाल संस्कार केन्द्र बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।”
प्रांत सह मंत्री माली ने भैया-बहनों को स्वयं गीत का अभ्यास कराया एवं प्रेरक कहानी सुनाई। वहीं जिला प्रकल्प प्रमुख प्रकाश त्रिवेदी ने बच्चों के साथ खेल गतिविधि आयोजित कर उन्हें सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
सेवा भारती के जिला अध्यक्ष सुरेश रावल ने आगामी गणतंत्र दिवस पर भारत माता पूजन की तैयारियों को लेकर बच्चों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि देशभक्ति सभी सद्गुणों की जननी है और
बाल्यावस्था में इसका संस्कार आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ शारीरिक शिक्षिका सरस्वती पालीवाल भी उपस्थित रहीं। अंत में प्रकल्प शिक्षिका उर्मिला ने प्रकल्प दर्शन हेतु पधारने पर सभी का आभार व्यक्त किया।
सेवा भारती “नर सेवा नारायण सेवा” के ध्येय के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन एवं सामाजिक आयामों में निरंतर सेवा कार्य कर रही है।












