News
51 साल बाद बलाना गांव में ऐतिहासिक तालाब पूजन समारोह सम्पन्न

सुमेरपुर उपखंड, बलाना गांव रिपोर्ट: रिंकू कुमारी मीना
बलाना गांव में 51 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद ऐतिहासिक तालाब पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। शनिवार सुबह 7:30 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के साथ पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसमें भरत सिंह राठौड़ की विशेष उपस्थिति रही।
इस अवसर पर गांव की महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के लोग अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए, जिससे सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विविधता की सुंदर झलक देखने को मिली। छत्तीस कौम के प्रतिनिधियों ने मिलकर इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी निभाई और बेहतरीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।

कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर भजन संध्या का आयोजन भी हुआ, जिसमें संत कन्हैयालाल एंड पार्टी ने भक्तिमय प्रस्तुति से माहौल को आध्यात्मिक बना दिया। यह आयोजन न केवल सामाजिक एकता का प्रतीक बना, बल्कि गांव की सांस्कृतिक विरासत को भी पुनर्जीवित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।












