जोरावरपुरा श्मशान घाट की बदहाली आई सामने, जलभराव व झाड़ियों के बीच हुआ बुजुर्ग का अंतिम संस्कार

बनेड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कंकोलिया के राजस्व गांव जोरावरपुरा में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। गांव में शुक्रवार को एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत के बाद अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मृतक नंदराम कुमावत का अंतिम संस्कार गांव के श्मशान घाट में किया गया, जहां चारों ओर पानी भरा हुआ था। श्मशान घाट का अधिकांश भूभाग जलमग्न होने के साथ ही कटिली झाड़ियों से घिरा हुआ है। मजबूरी में परिजनों ने एक गिरे हुए और असमतल स्थान पर ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की।

श्मशान घाट में टिनशेड, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और विद्युत व्यवस्था जैसी कोई भी सुविधा उपलब्ध नहीं है। बारिश के मौसम में हालात और भी भयावह हो जाते हैं, जिससे अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील कार्य में भी ग्रामीणों को अपमानजनक परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन और ग्राम पंचायत की उदासीनता के चलते गांव का श्मशान घाट आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा रोष और आक्रोश है। उन्होंने मांग की है कि श्मशान घाट में शीघ्र भराव कार्य, साफ-सफाई, टिनशेड निर्माण, पेयजल एवं बिजली व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी परिवार को ऐसी पीड़ा न झेलनी पड़े।














