विजय सिंह पथिक नगर में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक, आए दिन बच्चे व बुजुर्ग हो रहे शिकार, रहवासियों में आक्रोश

- भीलवाड़ा लूनिया टाईम्स न्यूज संवाददाता प्रभुलाल लोहार
शहर के विजय सिंह पथिक नगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि आए दिन बच्चे व बुजुर्ग कुत्तों के हमले का शिकार हो रहे हैं। क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग घरों से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
रहवासियों के अनुसार कॉलोनी की गलियों, मुख्य मार्गों और आसपास के खाली प्लॉटों में कुत्तों के झुंड जमा रहते हैं। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और शाम को टहलने निकलने वाले बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। कई मामलों में कुत्तों ने राह चलते लोगों पर हमला कर दिया, जिससे लोग गिरकर घायल हो गए। कुछ को चिकित्सालय में उपचार भी कराना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में कचरे के ढेर और नियमित सफाई नहीं होने के कारण कुत्तों का जमावड़ा बढ़ रहा है। रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब कुत्तों के झुंड भौंकते और दौड़ते नजर आते हैं। महिलाओं और छोटे बच्चों में विशेष भय देखा जा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, नसबंदी व टीकाकरण की समुचित व्यवस्था की जाए तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन से जल्द समाधान की मांग को लेकर रहवासी सामूहिक ज्ञापन देने की तैयारी में भी हैं।













