25 हजार का इनामी बदमाश भैरूलाल उर्फ भैरू झोपड़ा अहमदाबाद से गिरफ्तार

लुनिया टाईम्स न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी
भीलवाड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राज्य स्तर के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश भैरूलाल उर्फ भैरू झोपड़ा को पुलिस ने अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, अवैध हथियार और मादक पदार्थ तस्करी सहित करीब 20 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी पर भीलवाड़ा पुलिस द्वारा 25 हजार रुपए और चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार 31 मई 2024 को गंगरार थाना क्षेत्र निवासी राहुल जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई प्रहलाद जाट अपने साथियों के साथ स्वरूपगंज चौराहे पर चाय पी रहा था। उसी दौरान दो स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार होकर भैरू झोपड़ा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और लोहे के सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में प्रहलाद जाट के हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी उसके गले से सोने की चेन, नकदी और जरूरी दस्तावेज लूटकर फरार हो गए थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चित्तौड़गढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र में सेमलपुरा के पास एएसआई के बेटे की हत्या के मामले में भी वांछित था। इसके अलावा हमीरगढ़ थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।
लगातार फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीम सक्रिय थी। इसी दौरान डीएसटी टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अहमदाबाद में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश भी जारी है।













