गौ सम्मान आह्वान अभियान की बैठक आयोजित, 27 अप्रैल को देशभर की तहसीलों में सौंपे जाएंगे प्रार्थना पत्र

मांडल लूनिया टाइम्स न्यूज | संवाददाता: प्रभुलाल लोहार
तहसील मुख्यालय स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में देशव्यापी गौ सम्मान आह्वान अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन महंत दीपक पुरी के सानिध्य में हुआ, जिसमें क्षेत्र के गौभक्तों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए गौभक्त श्री लाल महाराज ने भारतीय देशी नस्ल के गौवंश की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गौवंश की सेवा, सुरक्षा और सम्मान आज समय की प्रमुख आवश्यकता है। विभिन्न राज्यों में गौ संरक्षण संबंधी कानूनों में असमानता के कारण तस्करी और अवैध वध की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से पूरे देश में एक समान और सख्त कानूनी संरक्षण व्यवस्था लागू करने की मांग की।
अभियान के संबंध में हरिकिशन बसवाल ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 27 अप्रैल को देशभर की 5000 से अधिक तहसीलों और 780 जिलों में एक साथ अभियान चलाया जाएगा। इस दिन राष्ट्रपति महोदया, प्रधानमंत्री, संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम गौ माता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान को सुनिश्चित करने हेतु प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे। इसके लिए तहसील स्तर पर टोलियों का गठन कर व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में घनश्याम माणमया, शंकरलाल बलाई, सत्यनारायण अगाल, जगदीश तेली सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अभियान का समर्थन व्यक्त किया। उपस्थित सभी लोगों ने गौ संरक्षण के प्रति समर्पित रहने की शपथ भी ग्रहण की।
बैठक का समापन गौ माता की सेवा और राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।













