जामिया अल कासमी मदरसा की दोमंजिला छत ढलाई में विधायक अनुज का श्रमदान
टुण्डी से दीपक पाण्डेय की खास रिपोर्ट

टुण्डी: प्रखंड क्षेत्र के दक्षिणी हिस्से में स्थित राजाभीठा पंचायत के मुस्लिम बहुल कर्माटांड़ गांव में संचालित बालिका आवासीय जामिया अल कासमी मदरसा की दोमंजिला इमारत के छत ढलाई कार्य में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
टुण्डी विधायक मथुरा प्रसाद महतो के अनुज बसंत कुमार महतो ने कार्यक्रम में पहुंचकर पहला कड़ाही अपने नाम करते हुए श्रमदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज से जुड़े ऐसे रचनात्मक कार्यों में योगदान देना संतोष का विषय है। शिक्षा के क्षेत्र में सामूहिक प्रयास से ही बदलाव संभव है और लोगों को आगे आकर शिक्षा का अलख जगाने में सहयोग करना चाहिए।
मदरसा मुफ्ती सैफुल्लाह के संचालन में चल रहा है, जहां लगभग डेढ़ सौ गरीब तबके की बालिकाएं दीनी और दुनियावी तालीम हासिल कर रही हैं। संस्थान में लंबे समय से कमरों की कमी महसूस की जा रही थी। शिक्षा प्रेमियों और स्थानीय सहयोग से दोमंजिला भवन का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
छत ढलाई कार्यक्रम में डॉ. अनवर अंसारी, बाबा मनीर मस्तान उमर अंसारी, शहजाद अंसारी, वीरू सिंह, इम्तियाज अंसारी, अजीमुद्दीन उर्फ छोटू अंसारी सहित धनबाद और टुण्डी क्षेत्र के विभिन्न मदरसों के मौलानाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा और सामाजिक सहयोग को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
















