टुण्डी विधायक पीड़ित परिवारों से मिलकर दुःख बांटा, हरसंभव मदद का आश्वासन

टुण्डी में हाथियों का उत्पात, विधायक ने पीड़ित परिवारों से मिलकर दिया सहयोग का भरोसा
टुण्डी, 14 फरवरी | संवाददाता: दीपक पाण्डेय
टुण्डी प्रखंड क्षेत्र के डेंजर जोन माने जाने वाले फतेहपुर पंचायत के डुकुडीह गांव में विगत गुरुवार को हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। लगभग आधा दर्जन घरों को नुकसान पहुंचाते हुए हाथियों ने घरों में रखा अनाज नष्ट कर दिया तथा खेतों में लगी आलू की फसल को भी नुकसान पहुंचाया। इस घटना से आदिवासी किसान परिवारों को भारी क्षति उठानी पड़ी।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के विधायक मथुरा प्रसाद महतो अपने समर्थकों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त घरों और अनाज का निरीक्षण किया तथा वन विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा राशि प्रदान की जाए।

ज्ञात हो कि डुकुडीह गांव निवासी मुंशी मुर्मू, ललिता सोरेन, पुरन मुर्मू और करूणा देवी के घरों को हाथियों ने क्षति पहुंचाई है। विधायक ने पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत स्वरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई।
विधायक ने आश्वस्त किया कि प्रशासन से समन्वय स्थापित कर हरसंभव सहायता दिलाई जाएगी और प्रभावित परिवारों को उचित क्षतिपूर्ति दिलाने के लिए प्रयास किया जाएगा।
मौके पर उपस्थित
इस दौरान जीतपुर मुखिया इन्द्रलाल बास्की, आकाश सोरेन, बिनोद मुर्मू, सुनील मोहली, बसंत महतो, मनोज महतो तथा वनरक्षी प्रकाश टुडू समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।














