डिग्री कॉलेज टुंडी में ‘हमारा संविधान हमारा सम्मान’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन

टुण्डी। संविधान दिवस के अवसर पर डिग्री कॉलेज टुण्डी के बिरसा मुंडा सभागार में महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) एवं राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर तथा झारखंड आंदोलन के महानायक बिनोद बिहारी महतो के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर हुई।
इस अवसर की मुख्य अतिथि कोयलांचल विश्वविद्यालय की सह-प्राध्यापिका, डीन ऑफ सोशल साइंस एवं राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. संजू कुमारी थीं। राजनीति विज्ञान विभाग ने इसी दिन व्याख्यान श्रृंखला की शुरुआत भी की, जिसका विषय था — “राष्ट्र निर्माण में संविधान की भूमिका”।
राजनीति विज्ञान की वरिष्ठ प्राध्यापिका प्रोफेसर डॉ. कुसुम रानी ने स्वागत भाषण में विषय की पृष्ठभूमि प्रस्तुत की। मुख्य वक्ता डॉ. संजू कुमारी ने कहा कि भारतीय संविधान केवल कानूनों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और राष्ट्रीय चेतना का मार्गदर्शक है। उन्होंने संविधान को देश की एकता का सेतु बताते हुए कहा कि इसी के कारण विविधताओं से भरे भारत में राष्ट्रीय एकता संभव हो पाई है।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार ने कहा कि संविधान हमें ‘मैं’ नहीं, बल्कि ‘हम’ की भावना सिखाता है। यह हर नागरिक को सम्मानपूर्वक जीने का अधिकार देता है और सभी के सम्मान की शिक्षा भी देता है। उन्होंने संविधान सभा के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि “संविधान सुरक्षित है, तो हम सुरक्षित हैं।” उन्होंने छात्रों से संविधान के अध्ययन को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. रानी सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर अविनाश कुमार ने प्रस्तुत किया।
अंत में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया, राष्ट्रगान गाया और “भारत माता की जय” के उद्गारों के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस गरिमामयी आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के सभी विभागों एवं छात्रों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।















