नकाबपोश बदमाशों की खौफनाक वारदात, बुजुर्ग महिला के कान काटकर एक तोला सोना लूटा

प्रभु लाल लोहार
भीलवाड़ा लूनिया टाइम्स न्यूज संवाददाता प्रभुलाल लोहार जिले के मांडल थाना क्षेत्र के गाडरी खेड़ा गांव में रविवार तड़के बदमाशों ने ऐसी सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
दो नकाबपोश बदमाश घर में घुसकर सो रही बुजुर्ग महिला के कान काटकर एक तोला सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है तथा ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
गाडरी खेड़ा निवासी भैरूलाल माली ने बताया कि 29 मार्च रविवार रात करीबन 3 बजे के लगभग दो अज्ञात नकाबपोश बदमाश उनके घर के पीछे बने बाड़े की दीवार कूदकर अंदर घुस आए। उस समय भैरूलाल के पिता नानूराम, माता शांतिदेवी और बेटा शिवम गहरी नींद में सो रहे थे। बदमाशों ने मौके का फायदा उठाते हुए शांतिदेवी के कानों से सोने के झुमके जबरन खींचने का प्रयास किया।
झपटमारी के दौरान महिला के दोनों कान बुरी तरह फट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बदमाश महिला के कान से करीब एक तोला सोने के जेवर काटकर ले उड़े। महिला के चीखने की आवाज सुनकर परिजन जागे और शोर मचाया, लेकिन तब तक दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।
घायल महिला को तुरंत मांडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे भीलवाड़ा जिला चिकित्सालय महात्मा गांधी अस्पताल (MGH) में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला के कानों में गहरी चोटें आई हैं और उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पीड़ित परिवार की रिपोर्ट पर मांडल पुलिस थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में आरोपियों की तलाश के लिए जांच तेज कर दी गई है। संदिग्ध रास्तों पर नाकाबंदी करवाई गई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया है। गांववासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।











