भारत विकास परिषद सादड़ी शाखा के चुनाव निर्विरोध संपन्न, सुशीला सोनी बनीं अध्यक्ष

सादड़ी। भारत विकास परिषद शाखा सादड़ी के चुनाव प्रांतीय अधिकारियों के सानिध्य में शांतिपूर्ण एवं निर्विरोध सम्पन्न हुए। इस दौरान सुशीला सोनी को अध्यक्ष, डॉ. गिरधारीलाल देवड़ा को सचिव एवं विजय सिंह गौड़ को कोषाध्यक्ष चुना गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद की तस्वीर पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात सामूहिक वंदे मातरम् गायन किया गया। अध्यक्ष हस्तीमल वैष्णव के नेतृत्व में मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया गया।
सचिव डॉ. गिरधारीलाल देवड़ा ने विगत बैठक की कार्यवाही एवं वर्ष 2025-26 का वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष हनवंत सिंह राठौड़ ने अंकेक्षित लेखों का विवरण रखा, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।

चुनाव अधिकारी डॉ. सुरेश चंद्र अग्रवाल ने प्रक्रिया पूर्ण कराते हुए बताया कि सभी पदों पर एक-एक नाम प्रस्तावित होने के कारण चुनाव निर्विरोध सम्पन्न हुआ। अध्यक्ष पद के लिए हस्तीमल वैष्णव द्वारा सुशीला सोनी का नाम प्रस्तावित किया गया, जिसका समर्थन विजय सिंह माली एवं राजेश्वरी सिंह ने किया। इसी प्रकार अन्य पदों पर भी सर्वसम्मति बनी।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सदस्यों का आभार जताते हुए परिषद के कार्यों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का विश्वास दिलाया।
इस अवसर पर प्रांतीय अधिकारी गजेंद्र सिंह राणावत ने परिषद के ध्येय सूत्र—संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण—पर प्रकाश डाला। वहीं सुमेरपुर-शिवगंज शाखा अध्यक्ष परबतसिंह राठौड़ ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरित होकर राष्ट्र निर्माण की बात कही। मुख्य अतिथि डॉ. ललित राठौड़ ने परिषद के सेवा कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में फालना-बाली शाखा से आए उगम सिंह पंवार, अशोक परमार एवं साकेत देव का भी स्वागत किया गया। मंच संचालन कालूराम माली एवं एडवोकेट विनोद मेघवाल ने किया।

राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसके बाद सभी के लिए स्वरुचि भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सदस्य एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि भारत विकास परिषद सादड़ी शाखा पिछले तीन वर्षों से नगर में विभिन्न सेवा कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान दे रही है।













