माणिक्य लाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय में शिक्षक पर छात्रा से दुर्व्यवहार का आरोप, निष्कासन की मांग

माणिक्य लाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय में शिक्षक पर छात्रा से दुर्व्यवहार का आरोप, निष्कासन की मांग
भीलवाड़ा, 14 फरवरी 2026। Reporter – Narendra Kumar Regar
शहर के माणिक्य लाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय में एक शिक्षक पर शराब के नशे में छात्रा के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। विद्यार्थियों के अनुसार, संबंधित शिक्षक राजेंद्र सिंह यादव ने 13 फरवरी 2026 को कॉलेज परिसर में एक छात्रा के साथ अशोभनीय व्यवहार किया। आरोप है कि इस प्रकार की घटना पहले भी लगभग तीन से चार बार हो चुकी है।
घटना के बाद कॉलेज परिसर में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। विद्यार्थियों का कहना है कि शिक्षक जैसे जिम्मेदार पद पर आसीन व्यक्ति से अनुशासन और मर्यादा की अपेक्षा की जाती है, लेकिन इस प्रकरण से छात्र-छात्राओं में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हुई है।
छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के महानगर मंत्री कुणाल सिंह राणावत ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और निष्कासन की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करेगा।
महाविद्यालय प्रशासन की ओर से फिलहाल आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस दौरान प्रांत कार्यसमिति सदस्य दीपा जाट, महानगर सह मंत्री नमन जैन, पूर्व छात्रा संघ अध्यक्ष सीमा जांगीड, दशरथ शाहू, विट्ठल शर्मा, रानू कोली, सूरज वैष्णव, तनीषा, लोकेश खटिक, देवेन्द्र सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।











