मीरा-भायंदर में पानी की कमी पर महापौर ने बुलाई आपात बैठक

मीरा-भायंदर में पिछले कई दिनों से पानी की आपूर्ति कम होने के कारण कई इलाकों में जल संकट बढ़ गया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद समस्या के समाधान के लिए महापौर डिंपल मेहता के नेतृत्व में सभागृह में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मनपा आयुक्त राधाविनोद शर्मा, उपमहापौर धुवकिशोर पाटिल, स्थायी समिति के सभापति हसमुख गहलोत, शहर अभियंता दीपक खाबित, कार्यकारी अभियंता (जलापूर्ति) शरद नानेगांवकर, स्टेम प्राधिकरण के अधिकारी तथा महानगरपालिका के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान महापौर डिंपल मेहता ने अधिकारियों को स्थिति सुधारने के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार मीरा-भायंदर को महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल (एमआईडीसी) से प्रतिदिन 125 एमएलडी तथा स्टेम प्राधिकरण से 86 एमएलडी पानी मिलने का कोटा स्वीकृत है। इस प्रकार कुल 211 एमएलडी पानी की आपूर्ति तय है।
हालांकि वर्तमान में शहर को केवल लगभग 193 एमएलडी पानी ही मिल रहा है, जिसके कारण कई क्षेत्रों में पानी की कमी महसूस की जा रही है। इसके अलावा कभी-कभी होने वाले शटडाउन के कारण भी जल संकट और बढ़ जाता है।
महापौर डिंपल मेहता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पानी की आपूर्ति में आ रही कमी को जल्द से जल्द दूर किया जाए और नागरिकों को नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करने पर भी जोर दिया।














