राष्ट्रीय गोरक्षा वाहिनी गौसेवा संघ भीलवाड़ा की जिला कार्यकारिणी का विस्तार, देवेन्द्र वैष्णव व रमन शर्मा मनोनीत

गौसेवा व समाजहित में सक्रिय भूमिका को देखते हुए संगठन ने सौंपी अहम जिम्मेदारियाँ
भीलवाड़ा: राष्ट्रीय गोरक्षा वाहिनी गौसेवा संघ भीलवाड़ा जिला इकाई की कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. इंद्रेश कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव सिंह सेंगर एवं राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष उमेश जैन की सहमति से भीलवाड़ा जिलाध्यक्ष नानूराम तेली ने नई नियुक्तियों की घोषणा की।
इस क्रम में देवेन्द्र वैष्णव को जिला संगठन मंत्री तथा रमन शर्मा को जिला महासचिव पद पर मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन गौसेवा, गौ संरक्षण एवं समाजहित में इनके द्वारा किए गए निरंतर एवं प्रभावी कार्यों को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

जिलाध्यक्ष नानूराम तेली ने बताया कि यह मनोनयन तिथि से एक वर्ष की अवधि के लिए प्रभावी रहेगा। कार्यकाल के दौरान कार्य निष्पादन संतोषजनक पाए जाने पर इसे आगे भी बढ़ाया जा सकेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई नियुक्तियों से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और भीलवाड़ा जिले में गौ संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों को और अधिक मजबूती प्राप्त होगी।
संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए आशा जताई कि वे संगठन की नीतियों व उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करते हुए गौसेवा के मिशन को आगे बढ़ाएंगे।










