वर्तमान सरकार हर वर्ग का सम्मान करने के लिए कटिबद्ध है – मथुरा प्रसाद महतो

- टुंडी
टुण्डी प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में आज शनिवार को एक भव्य कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी सेविकाओं के बीच स्मार्टफोन वितरण किया गया।
इस अवसर पर झारखंड विधानसभा के मुख्य सचेतक एवं टुण्डी के लोकप्रिय विधायक मथुरा प्रसाद महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सबिता कुमारी द्वारा विधायक को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई। इसके बाद विधायक ने सभी सेविकाओं को अपने हाथों से स्मार्टफोन वितरित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि जब झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार बनी थी, तभी हमने संकल्प लिया था कि राज्य में प्रत्येक वर्ग को सम्मान और समान अवसर प्रदान किया जाएगा। आज उसी संकल्प की पूर्ति का यह प्रतीक है। सेविकाओं को स्मार्टफोन उपलब्ध कराना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे न केवल कार्य में पारदर्शिता आएगी बल्कि उनकी कार्यक्षमता भी बढ़ेगी। सरकार झारखंड को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रखंड विकास पदाधिकारी विशाल कुमार पाण्डेय ने बताया कि टुण्डी प्रखंड क्षेत्र में कुल 24 जाहीरधानों (परंपरागत पूजा स्थलों) का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इन स्थलों पर पूजा-अर्चना की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। आज के दिन मांझी हडाम समुदाय के बीच पूजा सामग्री का वितरण भी स्थानीय विधायक की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया, जिससे सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश गया।
इस अवसर पर टुण्डी अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद, प्रमुख मालती मरांडी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रवण कुमार, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सबिता कुमारी, प्रभारी कृषि पदाधिकारी बबलेश साह, बीस सूत्री अध्यक्ष इंद्रलाल बास्की, झामुमो टुण्डी प्रखंड अध्यक्ष फूलचंद किस्कू, साथ ही झामुमो के सक्रिय कार्यकर्ता श्रवण टुडू, गुरुचरण बास्की, सुरेन्द्र सोरेन, अब्दुल रसीद अंसारी, मोहम्मद जाहिद अंसारी, श्रवण कुमार बेसरा, संतूलाल किस्कू, लपसा किस्कू, रामदेव बास्की और शहजाद अंसारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
स्मार्टफोन प्राप्त कर सेविकाओं ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की और इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने विधायक मथुरा प्रसाद महतो के प्रति आभार जताया और उनके साथ सेल्फी लेकर इस पल को यादगार बनाया। कार्यक्रम पूरे सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और स्थानीय जनता ने इसे जनहित में एक अत्यंत सराहनीय पहल माना।