विश्व महिला दिवस पर भायंदर में स्वास्थ्य शिविर, 150 मरीज लाभान्वित

महिलाएं समाज की शक्ति और सम्मान का प्रतीक : निर्मला माखीजा
भायंदर (वेस्ट)। विश्व महिला दिवस के उपलक्ष्य में युथ सोशल वेलफेयर एसोसिएशन (युथ फोरम) की ओर से संगीता कॉम्प्लेक्स, भायंदर (वेस्ट) में निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन, नेत्र, थायरॉइड और दांतों की जांच का स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर जयश्रीदेवी परमार के जन्मदिन और हेसला थॉमस गोम्स की स्मृति में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में निर्मला माखीजा (संस्थापिका, अवर लेडी ऑफ वेलंकनी हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज) ने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं। वे परिवार की देखभाल के साथ-साथ समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शक्ति और क्षमता को पहचानना तथा उनका सम्मान करना हम सबका कर्तव्य है।

उन्होंने यह भी कहा कि महिलाएं शिक्षा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, नेतृत्व, कला और व्यवसाय सहित अनेक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
इस अवसर पर ममता डिसूजा (एसीपी), निर्मला माखीजा, प्रिया खंडेलवाल, डॉ. राखी अग्रवाल, अनिता गाड़ोदिया, सुनीता भोईर, नीलम ढवण, पिंकी सतसंगी, शेरॉन सलढाना और नंदा जानी सहित कई महिलाओं को विश्व महिला दिवस के उपलक्ष्य में सम्मानित किया गया।शिविर में करीब 150 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इनमें 36 मोतियाबिंद ऑपरेशन किए गए और 72 लोगों की थायरॉइड जांच की गई।

शिविर का उद्घाटन विजय फतेपुरिया (महासचिव, अग्रवाल फाउंडेशन), कमलेश शाह (रेलवे समिति) और संदीप गोम्स (भवन निर्माता) ने किया। फोरम के अध्यक्ष दीपक जैन ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। शिविर में भक्तिवेदांत हॉस्पिटल, कस्तूरी हॉस्पिटल और खुशी डेंटल केयर की टीम ने चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं। फोरम के राहुल यादव ने बताया कि अगला स्वास्थ्य शिविर 3 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा।














