शिबू आश्रम पोखरिया टुंडी में 18 अगस्त को श्रद्धांजलि सह महाभोज, कई मंत्री होंगे शामिल

- टुंडी
पश्चिमी टुंडी क्षेत्र के मनियांडीह थाना से सटे पोखरिया गांव स्थित शिबू आश्रम में 18 अगस्त 2025, सोमवार को दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि सभा सह महाभोज का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में झारखंड सरकार के आधा दर्जन मंत्री शामिल होंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए स्थानीय विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने शुक्रवार को अपने समर्थकों के साथ स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दिशोम गुरु के करीबी और उन्हें भगवान की तरह मानने वाले विधायक महतो इस आयोजन की कमान खुद संभाल रहे हैं। आश्रम परिसर में रंग-रोगन और अन्य आवश्यक कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।
श्रद्धांजलि सभा सह महाभोज में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्रनाथ महतो, अनुसूचित जनजाति मंत्री चमरा लिंडा, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदीव्य कुमार, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री की उपस्थिति की पुष्टि हो चुकी है।
तैयारियों के दौरान विधायक के साथ उनके निजी सचिव बसंत महतो, झामुमो नेता अब्दुल रशीद अंसारी, अनवर अंसारी, मनोज महतो समेत कई स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















