सादड़ी डीएमबी स्कूल: प्रवेशोत्सव एवं पर्यावरण जागरूकता रैली का भव्य आयोजन

सादड़ी। स्थानीय दे. म. बो. राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सादड़ी हाई सेकेंडरी स्कूल द्वारा दिनांक 11 जुलाई 2025 को प्रवेशोत्सव एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य था – अधिक से अधिक छात्रों को सरकारी विद्यालयों में प्रवेश दिलाना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनमानस को जागरूक करना एवं वृक्षारोपण को बढ़ावा देना।
विद्यालय के प्रधानाचार्य तथा प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी प्रथम छगनलाल भाटी के निर्देशन में आयोजित इस रैली में अनेक शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें नरेंद्र राठौड़, हेमंत गर्ग, कमला महेंद्र कुमार, वीरेंद्र सिंह भाटी, कमलेश रिडर, श्रीमति खुशवंती, दिनेश चौधरी एवं कानाराम सोलंकी प्रमुख रूप से शामिल थे।
रैली नगर के विभिन्न मार्गों से गुज़री और विद्यार्थियों ने बैनर, पोस्टर एवं नारे लगाकर लोगों को संदेश दिया कि वे अपने बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में कराएं तथा “एक पेड़, मां के नाम” के सिद्धांत को अपनाएं। साथ ही, लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
रैली का मुख्य उद्देश्य था—ग्लोबल वार्मिंग और बढ़ते तापमान जैसे पर्यावरणीय संकटों से निपटने हेतु अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना। इस अवसर पर पेड़ों के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रधानाचार्य भाटी ने यह बताया कि पेड़ न केवल जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण को संतुलित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रैली के अंत में सभी छात्रों एवं विद्यालय के समस्त कर्मचारियों ने प्रति व्यक्ति 10 पौधे लगाने का संकल्प लिया। इसके अंतर्गत कुल 300 पौधे लगाने की योजना बनाई गई, जो आगामी दिनों में विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में क्रियान्वित की जाएगी।
इस रैली ने नगरवासियों में एक नई चेतना का संचार किया तथा पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा के महत्व को लेकर सकारात्मक संदेश फैलाया।