सादड़ी नगरपालिका के स्वच्छता अभियान में गड़बड़ी!

युवा नेता महेंद्र दर्जी ने डस्टबिन वितरण में अनियमितता का लगाया आरोप
सादड़ी। सादड़ी नगरपालिका द्वारा स्वच्छता अभियान को मजबूत बनाने के लिए हर वार्ड में दो डस्टबिन (कचरा पात्र) वितरित किए जा रहे हैं, लेकिन इस अभियान में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं।
युवा नेता महेंद्र दर्जी ने बताया कि उनके दो राशन कार्ड पर एक-एक डस्टबिन नगर पालिका कार्मिकों द्वारा जारी किया गया, जबकि रिकॉर्ड में एक राशन कार्ड पर दो डस्टबिन दिखाए गए हैं।
इसके बावजूद उन्हें केवल दो ही डस्टबिन मिले। महेंद्र दर्जी ने कहा कि “अगर मेरे जैसे व्यक्ति के साथ ऐसा हो सकता है तो आम जनता के साथ क्या हो रहा होगा? प्रशासन इस ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहा। कई लोगों तक डस्टबिन पहुंच ही नहीं रहे हैं।”

उन्होंने बताया कि डस्टबिन वितरण का कार्य नगर पालिका कार्मिकों और अग्निशामक यंत्र विभाग के कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है, लेकिन कई स्थानों पर डस्टबिन लोगों को मिले ही नहीं। जबकि दस्तावेज़ों पर नगर पालिका की मोहर लगाकर वितरण दिखाया जा चुका है।
स्थानीय लोगों में इस मामले को लेकर नाराज़गी बढ़ती दिख रही है। नागरिकों का कहना है कि स्वच्छता अभियान जैसे महत्वपूर्ण कार्य में इस तरह की लापरवाही और गड़बड़ी आम जनता के अधिकारों का हनन है।
अब देखना यह होगा कि नगरपालिका प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और बढ़ते सवालों का क्या जवाब देता है।










