सेवा भारती कोटपूतली ने पांच सूत्रीय जनजागरण अभियान की बनाई रूपरेखा

संघ शताब्दी वर्ष को ‘सेवा समर्पण वर्ष’ के रूप में मनाएगा हर स्वयंसेवक
कोटपूतली, 7 सितंबर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संघ की योजना के अंतर्गत सेवा भारती ने वर्ष 2025 को ‘सेवा समर्पण वर्ष’ के रूप में मनाने का संकल्प लिया है। इसी क्रम में बसंत प्रभु आदर्श विद्या मंदिर, कोटपूतली में एक महत्वपूर्ण कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन और दीप मंत्र के साथ बैठक का शुभारंभ हुआ। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रवीण भूषण, सेवा भारती जयपुर प्रांत सह मंत्री महेश कुमार गोयल और सेवा भारती जिला मंत्री महेश चंद सैनी ने की।
प्रथम सत्र
प्रथम सत्र में महेश कुमार गोयल ने सेवा भारती का परिचय दिया। उन्होंने बताया कि सेवा भारती शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सामाजिक आयामों पर कार्य करती है। संगठन सेवा बस्तियों में उपेक्षित, पीड़ित और अभावग्रस्त लोगों के बीच बाल संस्कार केंद्र, निशुल्क सिलाई केंद्र, मेहंदी व ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण, चिकित्सा शिविर जैसे प्रकल्प संचालित करता है।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि संघ की सौ वर्षों की यात्रा केवल संगठन निर्माण की नहीं, बल्कि एक समरस, संगठित और सजग समाज के निर्माण की यात्रा रही है। यह वर्ष प्रत्येक स्वयंसेवक के लिए कर्तव्य पर्व है, जिसमें हर दिन सेवा, जागरूकता और संस्कार का प्रसार होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह समय उत्सव का नहीं, बल्कि समर्पण और सेवा का है, और हमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ पहुँचना होगा।

द्वितीय सत्र
द्वितीय सत्र की अध्यक्षता सेवा भारती सह जिला मंत्री ताराचंद सैनी विराटनगर और नगर अध्यक्ष टेकचंद टेलर ने की।
इस सत्र में ताराचंद सैनी ने विस्तार से बताया कि सेवा प्रकल्प कैसे संचालित करें और 5000 से अधिक आबादी वाले गांवों में प्रकल्प कैसे खोलें। उन्होंने प्रकल्प स्थल के चयन, प्रकल्प शिक्षिका की नियुक्ति और सेवा भारती के चार आयामों (शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सामाजिक) में से एक या अधिक आयामों के चयन पर मार्गदर्शन दिया। बैठक में यह तय किया गया कि संघ शताब्दी वर्ष के नियमित विजयदशमी तक प्रत्येक खंड एवं 5000 से अधिक आबादी वाले गांवों और सेवा बस्तियों में नए प्रकल्प शुरू किए जाएंगे।
समापन सत्र
समापन सत्र की अध्यक्षता सेवा भारती जयपुर प्रांत स्वास्थ्य आयाम प्रमुख जय नारायण शुक्ल (अपर मुख्य वैज्ञानिक, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार), जिला अध्यक्ष प्रवीण भूषण और प्रांत सह मंत्री महेश कुमार गोयल ने की।
जय नारायण शुक्ल ने बैठक की शुरुआत मंत्र “हिन्दवः सहोदरा सर्वे, न हिन्दूः पतितो भवेत्। मम दीक्षा हिन्दू रक्षा, मम मंत्रः समानता।” से की।
बैठक में सेवा भारती कोटपूतली द्वारा ‘सेवा समर्पण वर्ष’ के अंतर्गत पांच सूत्रीय जनजागरण अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। इसके तहत सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, स्व का बोध, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों पर गांव-गांव जाकर जनचेतना जाग्रत करने का निर्णय लिया गया।
सेवा भारती इस वर्ष समाज में जातिगत भेदभाव और ऊंच-नीच की दीवारों को समाप्त करने के लिए कन्या पूजन, सेवा बस्तियों में सहभागिता, सर्वजातीय विवाह सम्मेलन और सहभोज जैसे कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिससे समाज में “हम सब एक हैं” की भावना मजबूत हो।
परिवारों में बढ़ते एकाकीपन और रिश्तों की दूरियों को पाटने के लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर सत्संग, संवाद और संस्कार आधारित कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे। राष्ट्रनिर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, आत्मनिर्भर भारत और “लोकल फॉर वोकल” जैसे अभियानों को गति दी जाएगी। साथ ही नागरिकों को अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर आधारित जनअभियानों की रूपरेखा भी तय की गई।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि कोटपूतली नगर की 12 सेवा बस्तियों में कार्यकर्ताओं को प्रमुख जिम्मेदारी देकर प्राथमिकता के आधार पर सेवा प्रकल्प शुरू किए जाएंगे। इन अभियानों को संघ प्रेरित 36 संगठनों के समन्वय से अखिल भारतीय स्तर पर गति दी जाएगी।
संकल्प
बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने यह संकल्प लिया कि वे इस शताब्दी वर्ष को केवल संगठन के गौरवशाली इतिहास का उत्सव न मानकर, समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का संकल्प लेकर जीवन का प्रत्येक दिन ‘सेवा दिवस’ के रूप में जिएंगे।
उपस्थिति
बैठक में सेवा भारती जिला प्रकल्प प्रमुख सत्यनारायण कौशिक, जिला स्वास्थ्य आयाम प्रमुख भूपेंद्र सोनी, सह जिला मंत्री बीना सोनी, जिला सामाजिक आयाम प्रमुख नागरमल अग्रवाल, सह नगर मंत्री विजय आर्य, नगर स्वास्थ्य आयाम प्रमुख अमर सिंह पूतली, नगर शिक्षा आयाम प्रमुख पूरण चौहान, नगर मंत्री छाजूराम सैनी, जिला कोषाध्यक्ष सुरेंद्र बालासिया, सह जिला कोषाध्यक्ष रतनलाल मोरिजा, नगर उपाध्यक्ष सुरेश मीणा नारायणपुर, सेवा भारती मंत्री देवेंद्र सिंह शेखावत, सह मंत्री अशोक कुमार सैनी, सदस्य सरदराराम विराटनगर, सेवा भारती अध्यक्ष भेरूलाल यादव, मंत्री पूरण चंद टेलर, शिक्षिकाएं सुनीता स्वामी (निशुल्क सिलाई केंद्र), अंजलि बीलवाड़ी (बाल संस्कार केंद्र), आशा रेगर (भैरूपुरा), अंजना रेगर (बाल संस्कार केंद्र), मोनिका कंवर (मनोहरपुर), निशा कुम्हार (बिशनगढ़), राधा देवी (बिशनगढ़), अंबिका शेखावत (सरुण्ड), पूजा शेखावत (राजनौता), कुसुम कंवर (निशुल्क सिलाई केंद्र), चतुर्भुज शिक्षिका चंचल, सदस्य सुभाष गुप्ता सहित कुल 35 कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें 13 महिला कार्यकर्ता और 22 पुरुष कार्यकर्ता शामिल थे।











