सुमेरपुर बिजली निगम की लापरवाही, पोयणा में दीवार में दफन बिजली खंभा बना खतरे की घंटी

सुमेरपुर बिजली निगम का ढुलमुल रवैया
पोयणा में दीवार में दफन बिजली खंभा | दस दिन बाद भी नहीं हुई कार्यवाही
निगम के जिम्मेदारों का पलटवार, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
सुमेरपुर। निकटवर्ती पोयणा ग्राम में मकान की चुनाई कर बिजली खंभे को दीवार में ही दफनाने का मामला अब पाली जिले में चर्चा का विषय बन गया है।
निगम के जिम्मेदारों द्वारा इस गंभीर समस्या को मजाक में लेना ग्रामीणों के लिए जानलेवा खतरा साबित हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि मकान मालिक एवं विद्युत विभाग की लापरवाही कभी भी बड़े हादसे को जन्म दे सकती है।
इसके बावजूद विभाग द्वारा न तो मौके पर निरीक्षण किया गया और न ही कोई ठोस कार्यवाही की गई।
सुमेरपुर क्षेत्र में पहले भी विद्युत हादसे हो चुके हैं, लेकिन उसके बाद भी निगम ने कोई सबक नहीं लिया।
शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाएं आम हो चुकी हैं, फिर भी विभाग आंख मूंदे बैठा है।
⚠️ दीवार में गाड़ा गया खंभा – बड़ा खतरा
ग्रामीणों के अनुसार लीला भारती पुत्र भीमा भारती द्वारा अपने मकान की दीवार में बिजली खंभे की
चुनाई कर दी गई। इस खंभे पर इंसुलेटर लगाकर सभी कनेक्शन भी जोड़ दिए गए हैं।
हैरानी की बात यह है कि यह खंभा किसी कुएं या खाली स्थान पर नहीं, बल्कि आबादी के बीचों-बीच स्थित है।
ऊपर-नीचे बाथरूम बने होने से करंट फैलने की पूरी संभावना बनी हुई है।

मामला इस प्रकार
ग्राम वासियों का आरोप है कि विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से खंभे को दीवार में पूरी तरह पैक कर दिया गया।
बिना सोचे-समझे एंगल लगाकर गली के सभी बिजली कनेक्शन जोड़ दिए गए।
शिकायत के बाद भी कभी जांच का बहाना तो कभी पुराने निर्माण का हवाला देकर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है।
⏳ दस दिन बाद भी खाली हाथ
ग्रामीणों ने बताया कि लगभग दस दिन पूर्व सहायक अभियंता सुमेरपुर को लिखित शिकायत दी गई,
लेकिन अब तक खंभा हटाने की कोई कार्यवाही नहीं हुई।
निगम के जिम्मेदारों का पलटवार
सहायक अभियंता अनूथ कुमार शर्मा ने कहा कि मकान लगभग 15 वर्ष पुराना है और यह साबित करना मुश्किल है
कि खंभा बाद में चुनवाया गया। इसके लिए सरपंच से प्रमाणित करवाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि नियमों के विरुद्ध किया गया कार्य 15 साल पुराना हो या नया – दोनों ही स्थिति में खतरनाक है।
ग्रामीण भगवत सिंह (सिटीजन जर्नलिस्ट) का बयान
“हमारी गली में दो वर्ष पूर्व हुए निर्माण के दौरान बिजली खंभा बाथरूम की दीवार में चुनवाया गया,
जो पूरी तरह नियम विरुद्ध है। हमने विभाग को दस दिन पहले लिखित शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।”











