News

संजय कॉलोनी माहेश्वरी समाज संस्थान द्वारा ब्रज की होली रंगोत्सव का भव्य आयोजन सम्पन्न

शीतलाष्टमी पर्व पर समाज के दो आईएएस बने युवाओं का किया सम्मान

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। संजय कॉलोनी माहेश्वरी समाज संस्थान द्वारा आयोजित “ब्रज की होली के साथ अभिनंदन समारोह, भजन संध्या एवं रंगोत्सव” कार्यक्रम हर्षोल्लास, श्रद्धा और सांस्कृतिक उमंग के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के प्रतिभाशाली युवाओं का अभिनंदन करने के साथ-साथ भक्ति संगीत और रंगोत्सव के माध्यम से ब्रज की पारंपरिक होली की झलक देखने को मिली। आयोजन में समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

संस्थान के अध्यक्ष श्यामलाल डाड और मंत्री दिनेश कोगटा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत भगवान के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय अर्थ मंत्री राजकुमार कालिया, प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी, जिला अध्यक्ष अशोक बाहेती, जिला मंत्री रमेश राठी, नगर अध्यक्ष केदार गगरानी, मंत्री संजय जागेटिया सहित रामकिशन सोनी, महेंद्र काकानी, राजेंद्र पोरवाल, अभिजीत सारडा सहित विभिन्न क्षेत्रीय सभाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान समाज का गौरव बने दो प्रतिभाशाली युवाओं, जिन्होंने ऑल इंडिया यूपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त की, का अभिनंदन किया गया। इसमें अक्षत बल्दवा (रैंक 173) और अमन झंवर (रैंक 296) को साफा, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गूंज के साथ उनका स्वागत किया और उनकी उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया।

इस अवसर पर समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने पर भंवरलाल नकलक, बापूलाल पोरवाल और कृष्ण गोपाल झंवर को “समाज रत्न” की मानद उपाधि देकर सम्मानित किया गया।

अभिनंदन समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अक्षत बल्दवा और अमन झंवर की सफलता पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। समाज के युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भजन संध्या और रंगोत्सव रहा। उदयपुर से आए प्रसिद्ध भजन गायक महेश पालीवाल ने अपने मधुर भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उन्होंने राधा-कृष्ण की भक्ति से ओतप्रोत कई भजन प्रस्तुत किए, जिन पर श्रोता भावविभोर हो गए। वहीं उदयपुर की प्रसिद्ध भजन गायिका त्रिशा सुथार ने भी अपनी सुरीली आवाज से माहौल को और भी आनंदमय बना दिया। उनके भजनों पर उपस्थित श्रद्धालु झूम उठे और कई लोग भक्ति में मग्न होकर नृत्य करते नजर आए।

कार्यक्रम के दौरान ब्रज की होली की झलक भी प्रस्तुत की गई। रंग-गुलाल के साथ फूलों की होली खेली गई, जिससे पूरा वातावरण रंगों और खुशियों से सराबोर हो गया। बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा वातावरण वृंदावन की होली के रंग में रंग गया हो।

आयोजन स्थल को भी विशेष रूप से सजाया गया था। रंग-बिरंगे फूलों, रोशनी और आकर्षक मंच सज्जा ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ा दी। आयोजन की व्यवस्थाओं में छितरमल लढा, प्रहलाद नुवाल, कैलाश मूंद्रड़ा, किशन असावा, महावीर लढा, राजकुमार डाड, सतीश बहेड़िया, अनिल पोरवाल, भेरूलाल ईनाणी, तरुण बांगड़, महेश राठी, शिव मूंद्रड़ा, सत्यनारायण कोठारी, बद्रीलाल गग्गड़, राहुल गग्गड़ और दिनेश लढ्ढा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, कलाकारों और समाजजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं तथा प्रतिभाओं के सम्मान से युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के समापन पर सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी ऐसे आयोजन करते रहने का संकल्प लिया।

न्यूज़ डेस्क

🌟 "सच्ची ख़बरें, आपके अपने अंदाज़ में!" 🌟 "Luniya Times News" पर हर शब्द आपके समाज, आपकी संस्कृति और आपके सपनों से जुड़ा है। हम लाते हैं आपके लिए निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित में बनी खबरें। यदि आपको हमारा प्रयास अच्छा लगे — 🙏 तो इसे साझा करें, समर्थन करें और हमारे मिशन का हिस्सा बनें। आपका सहयोग ही हमारी ताक़त है — तन, मन और धन से। 📢 "एक क्लिक से बदलें सोच, एक शेयर से फैलाएं सच!"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button