तरुण खटीक हत्याकांड पर बागोर में आक्रोश, दोषियों को फांसी देने की मांग

लूनिया टाइम्स न्यूज | टॉप न्यूज़
बागोर, 13 मार्च। दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में युवक तरुण खटीक की निर्मम हत्या के विरोध में बागोर क्षेत्र में समाजजनों और जागरूक नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्रित होकर नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। इस घटना को तरुण खटीक हत्याकांड के रूप में जाना जाएगा।
समाजजनों ने ज्ञापन में बताया कि दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में हुई यह जघन्य घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। इस अमानवीय वारदात से लोगों में गहरा रोष है और सभी पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। यह तरुण खटीक हत्याकांड सभी के लिए एक महत्वपूर्ण मामला है।

ज्ञापन के माध्यम से यह भी मांग रखी गई कि मामले की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाए, ताकि दोषियों को शीघ्र कठोरतम सजा मिल सके। साथ ही घटना में शामिल सभी मुख्य आरोपियों और साजिशकर्ताओं की तुरंत गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा समाजजनों ने अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई करने, मृतक तरुण खटीक के परिवार को कम से कम एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने की भी मांग की।
समाजजनों ने प्रशासन से अपील की कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह ज्ञापन उच्च स्तर तक पहुंचाया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।
लूनिया टाइम्स की अपील:
लूनिया टाइम्स न्यूज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करता है। समाज में शांति, न्याय और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
संवाददाता: प्रभुलाल लोहार, लूनिया टाइम्स न्यूज











