प्रताप बाजार होली चौक में हर्षोल्लास के साथ हुआ होली रोपण

- रानी
नगर में उत्सवों की परंपरा को जीवंत बनाए रखते हुए प्रताप बाजार स्थित होली चौक में पूर्णिमा के शुभ अवसर पर विधिपूर्वक होली रोपण किया गया।
इस धार्मिक अनुष्ठान में नगर के गणमान्य नागरिकों और नगरपालिका के पदाधिकारियों की विशेष उपस्थिति रही। शुभ मुहूर्त में रानी नगरपालिका के उपाध्यक्ष श्री डालचंद मेवाड़ा, हरीश गहलोत, जमादार सुरेश आदिवाल, नारायण आदिवाल, जीवाराम, राजू, राहुल, अशोक, पहलाद, अर्जुन सहित समस्त नगरपालिका कर्मचारियों ने होली रोपण की विधि संपन्न कराई। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए पूजा-अर्चना की और नगर की सुख-समृद्धि की कामना की।
होली रोपण के साथ ही रंगों के महापर्व होली की तैयारियों का शुभारंभ हो गया। नगर में उत्सव का माहौल बन गया है, और अब सभी श्रद्धालु व स्थानीय निवासी धुलंडी तक इस आयोजन से जुड़े धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। रानी नगर में हर वर्ष परंपरागत रूप से होली चौक पर होली रोपण किया जाता है, जिसे स्थानीय समाज बड़े हर्षोल्लास और भक्ति-भाव के साथ मनाता है। इस अवसर पर नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।