अतिक्रमण हटाकर ग्राम पंचायत को सौंपी जमीन,पुलिस एवं प्रशासन की मौजूदगी में हटाया अतिक्रमण

- जगदीशसिंह गेहलोत
देसूरी। ग्राम पंचायत डायलाना कला में पूर्व सरपंच द्वारा जारी किए गए पट्टे को जिला कलेक्टर द्वारा पूर्व में निरस्त कर दिया गया था, बावजूद इसके संबंधित भूमि पर अतिक्रमण बना हुआ था। इस मामले को लेकर उच्च न्यायालय जोधपुर में याचिका दायर की गई थी।
उच्च न्यायालय के निर्देशों की पालना करते हुए देसूरी उपखंड अधिकारी सिद्धार्थ सांदु के आदेशानुसार मंगलवार, 7 फरवरी को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया। इस दौरान सहायक ग्राम विकास अधिकारी रमेश दास वैष्णव, ग्राम विकास अधिकारी उम्मेद सिंह राणावत, प्रशासक राजाराम सिरवी सहित पुलिस प्रशासन की मौजूदगी रही।

कार्रवाई के दौरान उक्त भूमि से अतिक्रमण हटाकर जमीन को पुनः ग्राम पंचायत डायलाना कला को सुपुर्द कर दिया गया।
प्रशासक राजाराम सिरवी ने बताया कि पूर्व सरपंच द्वारा जारी किया गया पट्टा जिला कलेक्टर पाली द्वारा निरस्त कर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद भूमि पर कब्जा बना हुआ था। न्यायालय के आदेश के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।













