एमएलसी अनूप गुप्ता ने पड़रिया तुला में लगवाईं एलईडी लाइटें

विश्वजीत (गगन) मिश्रा
बालाजी मंदिर धाम और कस्बे की सड़कों पर मिलेगी बेहतर रोशनी
लखीमपुर खीरी. के विकास खंड बिजुआ स्थित कस्बा पड़रिया तुला में एमएलसी अनूप कुमार गुप्ता ने स्ट्रीट एलईडी लाइटें लगवाई हैं। ये लाइटें कस्बे के बालाजी मंदिर धाम और कस्बे के अंदर की सड़कों पर लगाई गई हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में बेहतर रोशनी सुनिश्चित हो सके।
ये सेमी-हाई मास्ट एलईडी लाइटें ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, लखीमपुर खीरी की ओर से स्थापित की गई हैं। अनूप गुप्ता, जो भाजपा के महामंत्री और उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य भी हैं, ने इस पहल को आगे बढ़ाया है।

एलईडी तकनीक पर आधारित ये लाइटें सामान्य स्ट्रीट लाइटों की तुलना में अधिक टिकाऊ, ऊर्जा-कुशल और लंबे समय तक चलने वाली होती हैं। इनके मुख्य फायदों में कम बिजली की खपत, लंबा जीवनकाल, कम गर्मी पैदा करना और प्रकाश को एक विशिष्ट दिशा में केंद्रित करना शामिल है, जिससे सड़कों पर रोशनी का अपव्यय कम होता है।
एमएलसी के जनसंपर्क अधिकारी गौरव शुक्ल ने बताया कि इन लाइटों की दो वर्ष की वारंटी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि यदि इन दो वर्षों के भीतर कोई खराबी आती है, तो तुरंत सूचित करें ताकि उन्हें बदलवाकर नई लाइटें लगाई जा सकें।
लाइटें लगने के बाद पड़रिया तुला कस्बे और मंदिर परिसर में भव्य दूधिया रोशनी देखकर स्थानीय लोगों ने एमएलसी अनूप गुप्ता के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है।











