चिमनपुरा में 79वें स्वाधीनता दिवस पर मनमोहक प्रस्तुतियां

चिमनपुरा। सम्पूर्ण देश की तरह रा.उ. प्रा.वि. चिमनपुरा में भी 79वां स्वाधीनता दिवस उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मंच उद्घाटन और राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा परिसर तिरंगे के रंग में रंग गया।
मुख्य अतिथि मांगीलाल मीणा ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रभक्ति ही सर्वोत्तम भक्ति है और हर नागरिक को ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना रखनी चाहिए। विद्यालय संस्था प्रधान मदन सिंह सिंधल ने बालिका शिक्षा को सच्चा ‘कन्यादान’ बताते हुए हर बालिका को उच्च शिक्षा दिलाने का आग्रह किया। उन्होंने सरकारी विद्यालयों में मिलने वाली सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

इस अवसर पर विद्यालय सहयोग के लिए आगे आने वाले भामाशाहों का सम्मान किया गया। कक्षा स्तरीय बस्ता प्रतियोगिता और पहाड़ा प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही, गत सत्र में कक्षा में प्रथम आने वाले विद्यार्थियों को ठा. श्री कान सिंह जी राणावत की ओर से नकद इनाम दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष ने सभी मेहमानों, अभिभावकों और ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। मिष्ठान वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस अवसर पर मोहन लाल मीणा, विक्रम सिंह, चुन्नी लाल मीणा, मंगला राम, जवाना राम, बजरंग कुमार, फूल श्रावण, प्रताप राम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शोभा मीणा सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।













