टुण्डी के शीतलपुर गांव में बन्दोबस्ती ज़मीन विवाद गहराया, दो पक्ष आमने-सामने, आरोप-प्रत्यारोप तेज

शीतलपुर गांव में जमीन को लेकर आमने-सामने दो पक्ष, आरोप-प्रत्यारोप तेज
टुण्डी: पश्चिमी टुंडी क्षेत्र के शीतलपुर गांव में बन्दोबस्ती ज़मीन को लेकर दो पक्षों के बीच आपसी विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मामला अब प्रशासन तक पहुंच चुका है और गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
मनियांडीह थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव निवासी शांति देवी पति बिनोद दां ने इस संबंध में धनबाद उपायुक्त को लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोसी टेकलाल मंडल पिता इंदो मंडल एवं उनके पुत्र बालकिशोर मंडल ने उनके पति को डराकर, बहला-फुसलाकर तथा शराब का सेवन कराकर उनकी बन्दोबस्ती ज़मीन का एग्रीमेंट अपने नाम करवा लिया।
शांति देवी का यह भी कहना है कि उक्त जमीन पर बिना सहमति के अवैध निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे उनका पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान है और उन्हें अपने अधिकार छिन जाने का डर सता रहा है।
टेकलाल मंडल ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं दूसरे पक्ष के टेकलाल मंडल पिता इंदो मंडल ने शांति देवी द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मौजा शीतलपुर, मौजा नंबर 59, खाता नंबर 116, प्लॉट नंबर 635 की जमीन पर उनका लगभग बीस वर्षों से दखल और कब्जा है।
टेकलाल मंडल के अनुसार शांति देवी पति बिनोद दां की थोड़ी-सी जमीन को उन्होंने 08/09/2025 को कोर्ट के एफिडेविट कागजात के माध्यम से पूरे होशो-हवास में एग्रीमेंट कराकर लिया। उन्होंने दावा किया कि इस एग्रीमेंट के एवज में पांच लाख रुपये का भुगतान गवाहों के समक्ष किया गया।
नया खाता नंबर 116 | पुराना खाता नंबर 75
नया प्लॉट नंबर 635 | पुराना प्लॉट नंबर 374
कुल रकवा: 18 डिसमिल
टेकलाल मंडल के पुत्र बालकिशोर मंडल ने बताया कि यह पूरा लेन-देन कानूनी प्रक्रिया के तहत किया गया है और इसमें किसी प्रकार का दबाव नहीं बनाया गया।
छुटभैये नेताओं पर भी लगाए आरोप
बालकिशोर मंडल ने बिना किसी का नाम लिए आरोप लगाया कि कुछ छुटभैये नेता दोनों पक्षों के बीच विवाद को जानबूझकर बढ़ावा दे रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसे लोग आपसी लड़ाई कराकर पैसे ऐंठने की कोशिश करते हैं, जिसे वह किसी भी हाल में सफल नहीं होने देंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि आवेदनकर्ता को जमीन वापस चाहिए तो एग्रीमेंट की शर्तों के अनुसार दस गुना राशि का भुगतान कर जमीन वापस ले सकते हैं, इसके लिए वे तैयार हैं।
फिलहाल शीतलपुर गांव में इस विवाद को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते प्रशासनिक स्तर पर निष्पक्ष जांच और ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो हालात बिगड़ सकते हैं।
















