ठाठ बाठ के साथ दुध तलाई सरोवर में शाही स्नान करने पधारेंगे ठाकुर जी, रोशनी से नहाया मंदिर

- गुरलां
गढबोर चारभुजा कस्बे में भरने वाले ऐतिहासिक चारभुजानाथ का लक्की मेला बुधवार को भरेगा, जहां प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर व्यवस्था पूर्ण चाक चौबंद कर दी गई है। पुलिस प्रशासन एवं पुजारियों की कड़ी सुरक्षा के बीच ठाकुर जी बुधवार सरोवर स्नान को दूध तलाई जाएंगे। राजभोग आरती के बाद सवा 12 बजे शाही लवाजमे के साथ सोने की पालकी में बाल विग्रह रूप को बैठाया जाएगा। आगे आगे हाथी, घोड़े, बैंडबाजे चलेंगे। लाखों भक्तों के जयकरों के साथ ठाठ बाठ के साथ शाही स्नान करेंगे
दुध तलाई की सुरक्षा के लिए बेरिकेड के साथ ही पुलिस के जवान तैनात कर रखे हैं। इससे पूर्व मंगलवार को भगवान के मंगला दर्शनों से ही पैदल जत्थों का क्रम प्रारंभ हुआ। नीमच के अलावा निंबाहेड़ा, चित्तौड़, भीलवाड़ा, गुरलां उज्जैन, इंदौर, जावद, कनेरा, सरवानिया, फतेहनगर सहित कई जगह से जत्थों के पहुंचने का क्रम जारी रहा। कस्बे में पूर्व से ही गेस्ट हाउस, होटल, धर्मशालाएं बुक कर रखी थी। पुजारी के घर भी श्रद्धालु से भर गए। बाजारों में दिनभर अलग-अलग जगहों से संघ में आए श्रद्धालुओं द्वारा ढोलक की धुन पर नाचते-गाते दिखाई नजर आए। बाजारों की प्रत्येक गलियों में दिनभर भीड़भाड़ के साथ श्रद्धालु जयकारे लगाते दिखाई दिए। प्रातः श्रृंगार दर्शनों से पूर्व पुजारी परिवार की महिलाएं चांदी के कलशों में मंदिर की बावड़ी से जल भरकर मंदिर लाए, जहां भोग मनोरथ तैयार किया। मंदिर में दर्शनों को लेकर मंगलवार देर रात्रि से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगी, जो प्रातः मंगला दर्शनों में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए

सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था, पुलिस प्रशासन के साथ ड्रोन व सीसीटीवी से निगरानी
2 एएसपी, 3 डीएसपी सहित 463 जवान देखेंगे व्यवस्था: चारभुजा मंदिर में भरने वाले मुख्य मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 2 एएसपी, 3 डीएसपी, 4 सीआई, 14 एसआई, 54 एएसआई, 65 हैड कांस्टेबल, 232 कांस्टेबल, 29 महिला कांस्टेबल, 60 होमगार्ड सहित 463 जवान तैनात रहेंगे। कस्बे में वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। चारभुजा के अलावा केलवाड़ा, आमेट, केलवा, रेलमगरा, भीम, खमनोर, दिवेर थानों का जाप्ता भी तैनात रहेगा। दूध तलाई पर बैरिकेड्स लगाकर अस्थाई चौकी बनाई है। पूरे मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं।
बुधवार को विभिन्न प्रोग्राम होंगे
बुधवार सुबह साढ़े 4 बजे मंगला दर्शन होंगे : मेले को लेकर दो दिन पूर्व ही चारभुजानाथ मंदिर को रोशनी से सजाया गया है। मंदिर में बुधवार प्रातः मंगला दर्शन साढ़े 4 बजे होंगे, वहीं साढ़े 5 बजे मंगला आरती, 8 बजे श्रृंगार दर्शन के साथ मक्खन मिश्री का भोग, सुबह 11 बजे राजभोग आरती होगी। दोपहर ठीक 12 बजे ठाकुर जी की शाही सवारी निकलेगी। पूरे दिनभर मंदिर में दर्शन खुले रहेंगे। शाम साढ़े 5 बजे सवारी मंदिर पहुंचेगी। ठाकुर जी के निज मंदिर में पुजारियों द्वारा उत्थापन कसार आरती उतारी जाएगी।
















