नदी किनारे ज्वैलर पर जानलेवा हमला, 30 ग्राम सोना लूटकर फरार

🔴 नदी किनारे ज्वैलर पर जानलेवा हमला, 30 ग्राम सोना लूटकर फरार
रेकी कर रोकी बाइक, सरिये से वार कर किया गंभीर घायल
रिपोर्ट: पुखराज कुमावत सुमेरपुर
सुमेरपुर / तखतगढ। थाना क्षेत्र के बाबा गांव की नदी के पास दिनदहाड़े एक ज्वैलर पर लूट और जानलेवा हमले की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
पिचावा निवासी रुपाराम सीरवी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, रुपाराम कोसेलाव में दागिना दागने की दुकान संचालित करता है। वह बाइक से दागिना का बैग लेकर कोसेलाव से पिचावा लौट रहा था। इसी दौरान बाबागांव से पिचावा जाने वाले नदी मार्ग पर पहले से रेकी कर रहे बदमाशों ने इनोवा गाड़ी से आकर उसका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि अनोपपुरा निवासी पुष्पेंद्र सिंह रवाणा राजपूत सहित 4-5 साथियों ने पहले दागिना से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। बैग का बेल्ट मजबूत होने के कारण वह नहीं टूटा। इसके बाद आरोपियों ने रुपाराम के गले में पहनी
करीब 30 ग्राम सोने की चेन झपट ली।
विरोध करने पर बदमाशों ने सरिये से हमला कर दिया, जिससे रुपाराम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अवस्था में उसे तुरंत कोसेलाव सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में यह वारदात सुनियोजित प्रतीत हो रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया है। और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
© 2026 | स्थानीय समाचार रिपोर्ट













