परिंडा महाअभियान सादड़ी: पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जिला कलेक्टर की महत्वपूर्ण पहल

- सादड़ी।
गुरुवार को DMB राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सादड़ी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रधानाचार्य/ यूसीईईओ प्रथम छगनलाल भाटी ने की।
बैठक में पाली जिला कलेक्टर लक्ष्मी नारायण मंत्री द्वारा शुरू किए गए नवाचार पर चर्चा की गई। इस बैठक में CRC 1st के सभी निजी विद्यालयों के संस्थाप्रधान उपस्थित रहे।
मीठालाल बोराणा ने परिंडा महाअभियान की योजना, उपयोगिता और इसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पर्यावरण, प्रकृति और मानव कल्याण के लिए इस अभियान की आवश्यकता को स्पष्ट किया। उनके विचारों से प्रेरित होकर विभिन्न विद्यालयों ने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

- दिल्ली कॉन्वेंट विद्यालय ने 500 परिंडे लगाने का निर्णय लिया।
- सरस्वती विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय ने 150 परिंडे लगाने का संकल्प लिया।
- श्री सिद्धि विनायक माध्यमिक विद्यालय ने क्रमशः 100 परिंडे लगाने का संकल्प लिया।
- अन्य विद्यालयों ने मिलकर कुल 357 परिंडे लगाने की योजना बनाई।
इसके साथ ही, सभी निजी विद्यालयों में “परिंडा टोली” का गठन किया गया, जो पूरे ग्रीष्मकाल में पक्षियों के लिए जल एवं दाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। इस अभियान की सफलता के लिए छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों, भामाशाहों एवं समाज के अन्य वर्गों को सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा।
कलेक्टर द्वारा प्रेरित यह अभियान न केवल पक्षियों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी सहायक सिद्ध होगा।











