भायंदर पश्चिम में 31 मार्च को निकलेगी भव्यातिभव्य महा रथयात्रा, महावीर जन्म कल्याणक पर ऐतिहासिक आयोजन

भगवान श्री महावीर स्वामीजी के जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर मीरा-भायंदर जैन महासंघ द्वारा 31 मार्च 2026 (चैत्र सुदी 13) को भायंदर पश्चिम में भव्यातिभव्य महा रथयात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसे वर्ष का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन माना जा रहा है।
यह रथयात्रा सुबह 6:30 बजे बालाजी नगर से प्रारंभ होकर स्टेशन रोड, भटेवा, 60 फीट रोड, 90 फीट रोड एवं अरिहंत बंगला से होते हुए श्री महावीरस्वामी जिनालय जैन संघ – वालचंद दर्शन पर समापन करेगी, जहां नवकारसी का भी आयोजन रहेगा।

इस दौरान सुसज्जित भव्य रथ में भगवान की दिव्य प्रतिमा विराजमान रहेगी, साथ ही पारंपरिक वेशभूषा में श्रावक-श्राविकाएं, मंगल वाद्य, बैंड-बाजा, भक्ति संगीत और बच्चों, युवाओं व महिलाओं की विशेष भागीदारी इस आयोजन को और भव्य बनाएगी। यह आयोजन केवल एक रथयात्रा नहीं बल्कि जैन समाज की आस्था, एकता और सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत उत्सव है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।














