भीलवाड़ा में 20-25 ग्रामीणों ने मिलकर उठाई बसः ओवरटेक करते समय पलटी बस, शीशे तोड़कर यात्रियों को निकाला बाहर

भीलवाड़ा-करेड़ा मार्ग पर तेज रफ्तार और ओवरटेक की
कोशिश में एक प्राइवेट बस बेकाबू होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे 20-25 ग्रामीणों ने मिलकर बस को हाथों से उठाया और नीचे कोई यात्री फंसा है या नहीं, इसकी जांच की।
ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर किया गया। बस में उस समय करीब 50 से 55 यात्री सवार थे।
बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने के प्रयास में बस सड़क के मोड़ पर अचानक बेकाबू हो गई और पलट गई।
मोड़ पर ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे, भीलवाड़ा-करेड़ा मार्ग पर, सिद्धनपुरा के पास, मांडल थाना क्षेत्र में, तेज रफ्तार और ओवरटेक के प्रयास में एक प्राइवेट बस बेकाबू होकर पलट गई।
बताया जा रहा है कि बस चालक आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान सड़क के मोड़ पर बस का संतुलन बिगड़ा और बस सड़क से नीचे उतरते हुए पलट गई।

दो दर्जन से ज्यादा यात्री घायल
बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में करीब 20 से 25 यात्रियों को चोटें आई। घायलों को भगवानपुरा और मांडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि तीन गंभीर घायलों को 108 एम्बुलेंस से उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।
20-25 ग्रामीणों ने मिलकर उठाई बस
हादसे के तुरंत बाद आसपास के 20 से 25 ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी ने मिलकर बस को हाथों से उठाया और नीचे दबे यात्रियों को चेक कर सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे के दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीण रामधन ने बताया कि एकदम से धमाके की आवाज हुई, हम सभी लोग पास में चाय के ठेले पर बैठे थे, हम सभी लोग दौड़कर वहां पहुंचे तो देखा बस पलटी खा चुकी थी, बस में सवार सभी लोग चिल्ला रहे थे, हमें ऐसा लगा कि शायद कोई बस के नीचे भी दब गया है, हम सभी ग्रामीण इकट्ठा हुए और बस को अपने हाथों से उठाने का प्रयास किया। भगवान का भला रहा की बस के नीचे कोई भी दबा हुआ नहीं था।
सवारी ने बताया- धीरे चलाने को कहा था
बस में सवार नारायणलाल ने बताया कि वे सरस डेयरी में काम करते हैं और कबरैड़ी से भीलवाड़ा जा रहे थे। उन्होंने बताया कि बस पूरी भरी हुई थी और चालक से धीरे चलाने को कहा गया था, लेकिन उसने बात नहीं मानी। ट्रैक्टर को ओवरटेक करते समय बस पटरी से नीचे उतर गई और पलट गई
पुलिस ने जेसीबी से बस सीधी करवाई
सूचना मिलने पर मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगवाकर पलटी हुई बस को सीधा कराया और यातायात बहाल किया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।













