News

माणिक कंवर बालिका विद्यालय में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान व हरित विद्यालय विषयक विशेषज्ञ वार्ता आयोजित

  • WhatsApp Image 2024 10 01 at 21.46.23

शाहपुरा – मूलचंद पेसवानी।   शाहपुरा के पीएम श्री वीर माता माणिक कंवर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय आविष्कार अभियान एवं हरित विद्यालय कार्यक्रम के अंतर्गत दो महत्वपूर्ण विषय विशेषज्ञ वार्ताओं का आयोजन किया गया। छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विषय विशेषज्ञ डॉ. सत्यनारायण कुमावत ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। संस्था प्रधान रीता जी ने अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन किया।

डॉ. कुमावत ने राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत छात्राओं को एस.टी.ई.ए.एम. (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, कला व गणित) से संबंधित प्रेरणादायक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छात्राएं अपनी जिज्ञासा और दृढ़ निश्चय से विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़कर नए आविष्कार कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी के पास असीम संभावनाएं हैं, बस दिशा और लगन की आवश्यकता है। डॉ. कुमावत ने छात्राओं को सरल भाषा में विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों, नवाचारों और स्व-निर्मित यंत्रों के माध्यम से सीखने के तरीके समझाए और जीवन में सफलता के मंत्र बताए।

IMG 20251006 WA0080

इसके पश्चात हरित विद्यालय कार्यक्रम के अंतर्गत महेश कोली (चूरिया मूरिया संस्थान) द्वारा जलवायु परिवर्तन विषय पर विस्तृत वार्ता प्रस्तुत की गई। उन्होंने बताया कि ओजोन परत के क्षरण, ग्रीनहाउस प्रभाव और पर्यावरण प्रदूषण के बढ़ते दुष्प्रभावों से कैसे निपटा जा सकता है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन का सीधा असर मानव स्वास्थ्य, मौसम चक्र और कृषि पर पड़ रहा है, इसलिए हर व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

वार्ताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञों से प्रश्न पूछे। कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रधान रीता जी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया एवं विद्यालय की ओर से डॉ. कुमावत और महेश कोली को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

कार्यक्रम का संचालन इंदिरा जैन ने किया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ सदस्य पीयूष गदिया, ज्योति सुमन, सुनीता व्यास, राकेश कुमार खटीक, रश्मि व्यास, शकुंतला छीपी, माया कोली, सुरेंद्र सिंह बारेठ सहित कक्षा 9 से 12वीं तक की छात्राएं उपस्थित रहीं।

मूलचन्द पेसवानी शाहपुरा

जिला संवाददाता, शाहपुरा/भीलवाड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button