मालनु में जाखा माताजी मेले का 39वां वार्षिक उत्सव, ध्वजारोहण के साथ उमड़ा आस्था का सैलाब

उपखण्ड बाली क्षेत्र के मालनु गांव में “एक शाम जाखा माताजी व बाण माताजी के नाम” के तहत 39वें वार्षिक जाखा माताजी मेले का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। पारंपरिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच मंदिर शिखर पर ध्वजारोहण कर मेले की शुरुआत की गई, जिसके साथ ही पूरा परिसर माता के जयकारों से गूंज उठा।
मेले के शुभ अवसर पर दूर-दूर से हजारों श्रद्धालु जाखा माताजी के दर्शन के लिए पहुंचे और अपने परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। आयोजन के दौरान भोपाजी भेराराम और कोटवाल मानणकाराम मालनु सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को और भी खास बनाते हुए भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने पारंपरिक देवासी वेशभूषा में भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं। श्रद्धालु देर रात तक भजनों का आनंद लेते रहे और भक्ति में लीन नजर आए।

आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की विशेष व्यवस्था की गई है। रिपोर्टर डीके देवासी के अनुसार बुधवार को महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा, जिसमें लापसी, सीरा, दाल, खरमा और खाटोना जैसी पारंपरिक प्रसाद सामग्री शामिल रहेगी।
मेले में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए व्यवस्था संभालने के लिए खाटोना टीम के सदस्य—वणाराम, भूराराम, सवाराम, राणाराम, मोतीलाल, वेलाराम, जवानराम, सोमाराम, भंवरलाल, जोमाराम, कलाराम, मनाराम, पीराराम, प्रभुराम और प्रवीन—सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
हर वर्ष की तरह इस बार भी जाखा माताजी का यह मेला श्रद्धा, आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का अद्भुत संगम बनकर सामने आया, जहां भक्तों ने भक्ति भाव के साथ एकजुट होकर आयोजन को सफल बनाया।











