मीरा-भाईंदर मेट्रो की 15 साल की प्रतिक्षा खत्म : दिसंबर के अंत तक दौडेगी मेट्रो

- भाईंदर :
मीरा – भाईंदर के निवासियों की लंबे समय से चल आ रही मेट्रो की प्रतिक्षा अब समाप्त होने वाली है। वर्ष 2009 में मीरा – भाईंदर वासियों को दिखाया गया सपना अब पूरा होने जा रहा हैं। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि इस दिसंबर के अंत तक दहिसर से काशिमीरा मार्ग पर मेट्रो सेवा शुरू करने की योजना हैं। परियोजना की मिली गति – सरनाईक ने कहा कि 2014 में सरकार बनने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और नागरीय विकास मंत्री एकनाथ शिंदे के सहयोग से दहिसर- काशिमीरा मेट्रो परियोजना को काफी गति मिली।

इस मार्ग के शुरू होने के बाद मीरा- भाईंदर के लोग मेट्रो के माध्यम से सीधे अंधेरी पहुँच सकेंगे और वहाँ से मेट्रो -1 का उपयोग कर एयरपोर्ट स्टेशन 3 होते हुए कुलाबा तक भी जा सकेंगे। नए वर्ष में मीरा – भाईंदर के लोगों को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मंत्रालय और विधान भवन तक मेट्रो नेटवर्क के माध्यम से पहुंचने की सुविधा मिल सकेगी। निरीक्षण दौरे के दौरान हुई घोषणा प्रताप सरनाईक दहिसर- काशिमीरा मेट्रो मार्ग के निरीक्षण दौरे के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने बताया कि 2009 में जब पहली बार लोगों के प्रतिनिधि के रूप में चुनकर आए थे, तब उन्होंने नागरिकों को मेट्रो की सुविधा का आश्वासन दिया था उस समय कई नेताओं ने उनकी इस घोषणा का मजाक उड़ाया था, लेकिन 14 वर्षों की लगातार प्रयासों के बाद अब यह परियोजना मूर्त रूप लेती दिख रही हैं।














