रानी नगरपालिका में नवनिर्मित भवन का लोकार्पण एवं प्रतिमाओं का अनावरण

संवाददाता – भरत जीनगर, रानी स्टेशन। रानी खुर्द क्षेत्र में सोमवार को विकास कार्यों की सौगात के साथ नगर पालिका द्वारा भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मारवाड़ जंक्शन के विधायक केसाराम चौधरी ने रानी नगरपालिका के नवनिर्मित कार्यालय भवन, अधिशासी अधिकारी आवास तथा दो सीसी सड़कों का लोकार्पण किया। साथ ही पृथ्वीराज चौहान, स्वामी विवेकानंद और भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण भी किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पंडित अनिल अवस्थी और मनोज व्यास द्वारा करवाया गया।

कार्यक्रम में विधायक केसाराम चौधरी के साथ नगरपालिका अध्यक्ष भरत राठौड़, उपाध्यक्ष डालचंद मेवाड़ा, रानी शहर मंडल अध्यक्ष हरीश गेहलोत, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रमेश आर. जैन, घीसुलाल चौधरी, दिनेश जैन, पूर्व भाजपा अध्यक्ष जयंतीलाल वैष्णव, बिजोवा मंडल अध्यक्ष उत्तमसिंह राजपुरोहित, नगरपालिका के पार्षदगण, अधिशासी अधिकारी सुदर्शन जांगू और रानी थानाधिकारी आनंद कुमार सांखला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पुलिस प्रशासन के अधिकारी, नगरपालिका के समस्त अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम स्थल पर विधायक का ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक आतिथ्य के साथ भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में विधायक केसाराम चौधरी ने रानी क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को जनता के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों का संतुलित विकास करना है। उन्होंने पूर्व विधायक पर इशारों में कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता को केवल वादों से नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर विकास से जोड़ना ही असली राजनीति है।
नगरवासियों में नए निर्माण कार्यों और प्रतिमाओं के लोकार्पण को लेकर उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने विधायक सहित नगरपालिका टीम का आभार जताया।













