रानी ब्रह्मा कुमारी सेंटर के शिष्टमंडल ने महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की सौजन्य भेंट

संवाददाता – भरत जीनगर, रानी स्टेशन।
रानी से ब्रह्मा कुमारी रानी केंद्र की प्रभारी सोनू दीदी के नेतृत्व में 11 सदस्यीय शिष्टमंडल ने राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार मुलाकात की।
शिष्टमंडल में भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश गहलोत, सरपंच मेघाराम परमार, ढोला नरेश कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल थे। राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस मुलाकात के दौरान सोनू दीदी ने केंद्र द्वारा पिछले 20 वर्षों से किए जा रहे सेवा कार्यों की विस्तृत जानकारी महामहिम को दी।
सेवा कार्यों की जानकारी दी
सोनू दीदी ने अपने उद्बोधन में मानव कल्याण, राष्ट्रहित तथा सामाजिक उत्थान से जुड़े ब्रह्मा कुमारी संगठन के विभिन्न प्रमुख कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। इनमें प्रमुख रूप से शामिल रहे—
- नशा मुक्ति अभियान
- सड़क सुरक्षा अभियान
- स्वास्थ्य मेले एवं आई कैंप
नैतिक मूल्यों के उत्थान हेतु कार्यक्रम
विशेष रूप से नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत 101 कार्यक्रमों में 27,000 से अधिक स्कूली बच्चों एवं आमजन को नशामुक्ति का संदेश दिया गया। इस महत्वपूर्ण सामाजिक योगदान के लिए राजस्थान सरकार द्वारा रानी केंद्र प्रभारी सोनू दीदी को सम्मान पत्र भी प्रदान किया जा चुका है।
राष्ट्रपति ने की सराहना
महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रानी केंद्र द्वारा किए जा रहे इन जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की तथा शिष्टमंडल को भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।













