राष्ट्रीय जंबूरी में राजस्थान का परचम, पाली के बैंड दल ने रचा इतिहास, चीफ नेशनल कमिश्नर शील्ड पर किया कब्जा

- रिपोर्ट – हनुमान सिंह बीजापुर
प्रथम रोवर–रेंजर राष्ट्रीय जंबूरी में राजस्थान ने रचा इतिहास
चीफ नेशनल कमिश्नर शील्ड एवं फ्लैग के साथ लौटा राजस्थान
पाली। भारत स्काउट व गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली के तत्वावधान में 9 से 13 जनवरी 2026 तक दूधली, जिला बालोद (छत्तीसगढ़) में आयोजित
प्रथम रोवर–रेंजर राष्ट्रीय जंबूरी में राजस्थान प्रदेश ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए चीफ नेशनल कमिश्नर फ्लैग एवं शील्ड पर कब्जा जमाया।
देश के 35 राज्यों से लगभग 11 हजार रोवर–रेंजर्स की सहभागिता वाले इस भव्य आयोजन में राजस्थान ने कुल 16 गतिविधियों में से 14 में A ग्रेड तथा 2 में B ग्रेड प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया।

जिनमें सर्वाधिक 65 रोवर–रेंजर्स अकेले पाली जिले से रहे।
सी ओ स्काउट गोविंद मीणा ने बताया कि पाली जिले के चंद्राज पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोजत रोड के रोवर–रेंजर्स ने बैंड प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर लगातार पांचवीं जंबूरी में जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया।
बैंड टीम ने रचा स्वर्णिम कीर्तिमान
जिले की बैंड टीम ने वर्ष 2016 में मैसूर (कर्नाटक) में आयोजित 17वीं राष्ट्रीय जंबूरी से लेकर रोहट पाली, त्रिचि (डायमंड जुबली जंबूरी 2025), लखनऊ (19वीं राष्ट्रीय जंबूरी 2025) तथा जनवरी 2026 में छत्तीसगढ़ में आयोजित प्रथम रोवर–रेंजर राष्ट्रीय जंबूरी तक लगातार पांच जंबूरी में A ग्रेड प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।

पाली जिले का टेंट रहा आकर्षण का केंद्र
आदर्श ओपन रोवर क्रू पाली द्वारा रोवर लीडर दौलत सिंह राठौड़ के निर्देशन में मारवाड़ी संस्कृति से सुसज्जित टेंट जंबूरी का प्रमुख आकर्षण रहा।
विभिन्न राज्यों से आए रोवर–रेंजर्स एवं स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी भूरी-भूरी प्रशंसा की और बड़ी संख्या में फोटो एवं वीडियोग्राफी की।
कुशल नेतृत्व में पाली ने बढ़ाया मान
सी ओ गाइड डिंपल दवे ने बताया कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि में पाली जिले की 06 यूनिट लीडर एवं 59 रोवर–रेंजर्स सहित कुल 65 सदस्यीय दल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
दल का नेतृत्व प्रधानाचार्य आलोक शर्मा, सचिव दौलत सिंह राठौड़, गाइडर उर्मिला यति, प्रभु प्रजापति, जगदीश प्रसाद एवं रेंजर लीडर रवीना गोयल ने किया।

जंबूरी से लौटने पर पाली जिले के रोवर–रेंजर्स का जिला मुख्यालय सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों
पर भव्य स्वागत किया गया। रामगंज मंडी, कोटा जंक्शन, सवाई माधोपुर, जयपुर, जोधपुर
एवं पाली में स्काउट–गाइड पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर दल का अभिनंदन किया।
जंबूरी के दौरान एडवेंचर गतिविधि, मार्च पास्ट, कलर पार्टी, लोक नृत्य, एथेनिक शो, ग्लोबल डेवलपमेंट विलेज, ट्राइबल कार्निवल एवं बिना बर्तन खाना बनाने जैसी अनेक रोचक गतिविधियां आयोजित की गईं।
अवार्ड वितरण समारोह में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं शिक्षा राज्य मंत्री गजेंद्र सिंह यादव ने राजस्थान प्रदेश को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।
गोविंद मीणा
सी ओ स्काउट, जिला मुख्यालय पाली













