वन विभाग मे बड़ा भ्रष्टाचार रेंजर गजेन्द्र सिंह व एक वन दरोगा 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार

विश्वजीत मिश्रा
लखीमपुर खीरी।जनपद केनिघासन क्षेत्र में भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन ब्यूरो) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने दक्षिण निघासन रेंज के रेंजर गजेंद्र सिंह और एक वन दरोगा को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई शुक्रवार को हुई।
यह मामला पिरथी पूर्वा गांव के किसान पूरन से जुड़ा है। किसान अपने खेत में खड़े शीशम के पेड़ की कटान अनुमति के लिए कई दिनों से रेंज कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। आरोप है कि रेंजर द्वारा अनुमति जारी करने के बदले 40,000 रुपए की घूस मांगी जा रही थी।किसान पूरन ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण टीम से की। शिकायत की जांच के बाद टीम ने शुक्रवार को एक ट्रैप लगाया। इसी दौरान रेंजर गजेंद्र सिंह और वन दरोगा को रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। एंटी करप्शन टीम ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली है।
दोनों अधिकारियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्थानीय किसानों ने इस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है











