श्री नर्मदेश्वर महादेव विकास संस्थान द्वारा आयोजित त्रि दिवसीय गणेशोत्सव का आयोजन हुआ

रानी में त्रिदिवसीय गणेशोत्सव का भव्य आयोजन
संवाददाता भरत जीनगर रानी स्टेशन। श्री नर्मदेश्वर महादेव विकास संस्थान की ओर से रानी के गणपति मंदिर में त्रिदिवसीय गणेशोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धार्मिक और सांस्कृतिक रंग में डूबे कई आयोजन हुए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
पहले दिन मेहंदी प्रतियोगिता और गरबा रास
गणेशोत्सव के पहले दिन गणपति महिला मंडल की ओर से मेहंदी प्रतियोगिता और गरबा रास का आयोजन किया गया। महिलाओं और बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेताओं को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया।

दूसरे दिन भव्य भजन संध्या
दूसरे दिन विशाल भजन संध्या का आयोजन हुआ। भजन सम्राट महेंद्र वैष्णव (जोधपुर) ने गणपति वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की। शिव-पार्वती और गुरु महिमा से जुड़े भजनों की प्रस्तुति देर रात तक चली और श्रोताओं को भक्ति रस में बांधे रखा।
अंतिम दिन निकला भव्य वरघोड़ा
गणेशोत्सव के तीसरे दिन गणपति मंदिर से भव्य वरघोड़ा निकाला गया। यह रानी के प्रताप बाजार, अंडरब्रिज, मुख्य मार्ग और गलियों से होते हुए केनपुरा रोड से गुजरकर पुनः गणपति मंदिर प्रांगण में पहुंचा। वरघोड़े में आकर्षक झांकियां, गैर नृत्य, बालिकाओं के सिर पर भगवा साफे और डीजे रथ शोभा बढ़ा रहे थे।

कार्यक्रम में श्री नर्मदेश्वर महादेव विकास संस्थान के सभी पदाधिकारी शामिल रहे। अंत में भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।













