समान वेतन को लेकर शिक्षामित्रों की रांची में प्रेस कॉन्फ्रेंस

- धनबाद
धनबाद झारखंड की शिक्षामित्र हाईकोर्ट मिशन टीम ने अपनी वर्षों से लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर सरकार और न्यायपालिका का ध्यान आकर्षित किया है। केस संख्या WPC/5588 के तहत समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग पर जोर देते हुए टीम ने रांची स्थित महाधिवक्ता कक्ष में शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता ऋषि भारती ने की, जिसमें शिक्षामित्रों की ओर से अधिवक्ताओं को सभी संबंधित दस्तावेज सौंपे गए। टीम ने झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश आशुतोष आनंद और राज्य सरकार से मांग की कि मामले की सुनवाई शीघ्र की जाए और शिक्षामित्रों को न्याय दिया जाए।

टीम के अनुसार, इस केस पर कई बार सुनवाई हो चुकी है, लेकिन अब जून में इसकी अंतिम सुनवाई निर्धारित की गई है, जिससे शिक्षामित्रों को न्याय की उम्मीद है।
प्रेस वार्ता के दौरान शिक्षामित्र हाईकोर्ट मिशन टीम की ओर से मोहम्मद जाहिद हुसैन, निलांबर रजवार, मोहम्मद महमूद आलम, गिरिश चंद्र शाह सहित कई अन्य शिक्षामित्र उपस्थित थे। टीम ने कहा कि समान कार्य के लिए समान वेतन उनका संवैधानिक अधिकार है और वे इस लड़ाई को अंतिम मुकाम तक लड़ेंगे।















