सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली बनी काल, एएसआई महावीर सिंह की मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप

- भीलवाड़ा लुनिया टाइम्स न्यूज | संवाददाता प्रभुलाल लोहार
भीलवाड़ा। लूनिया टाइम्स न्यूज संवाददाता प्रभुलाल लोहार शहर के सिटी कोतवाली थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) महावीर सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में सर्विस रिवॉल्वर से गोली लगने के कारण मौत हो गई। यह घटना उनके आवास पर हुई बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस अधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एएसआई महावीर सिंह को अपने आवास पर सर्विस रिवॉल्वर से गोली लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस विभाग में गहरा शोक छा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन, पुलिस उपाधीक्षक शहर सज्जन सिंह, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी शिवराज सिंह गुर्जर तथा प्रतापनगर थाना प्रभारी राजपाल सिंह सहित पुलिस के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने पूरे मामले की गंभीरता से जानकारी लेकर जांच के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार एएसआई महावीर सिंह को गोली किन परिस्थितियों में लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
इस दुखद घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। साथी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने एएसआई महावीर सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। वहीं पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही घटना के कारणों का खुलासा करने की बात कह रही है।













