सादड़ी नगर पालिका में बढ़ते भ्रष्टाचार और गंदगी पर शहरवासियों में रोष, सुकड़ी नदी व मुख्य मार्गों की सफाई सहित भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की मांग

सादड़ी (पाली)। नगर पालिका सादड़ी में भ्रष्टाचार और लापरवाही के चलते राजस्व हानि और गंदगी की विकराल समस्या सामने आ रही है। शहरवासी पालिका प्रशासन की अनदेखी से परेशान हैं और नगर में सफाई व्यवस्था को लेकर आक्रोशित हैं। इस संबंध में नेता प्रतिपक्ष राकेश मेवाड़ा के नेतृत्व में पालिका अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
पालिका को करोड़ों की राजस्व हानि, भ्रष्टाचार का आरोप
ज्ञापन में बताया गया है कि नगर पालिका सादड़ी में अवैध निर्माण कार्यों के कारण लाखों रुपये की राजस्व हानि हो रही है। इन कार्यों में पालिका प्रशासन और कर्मचारियों की मिलीभगत का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि कर्मचारियों की लापरवाही और भ्रष्टाचार के चलते पालिका आर्थिक रूप से कमजोर हो रही है। विद्युत विभाग का ₹1.50 करोड़ बकाया है, जलदाय विभाग व अन्य ठेकेदारों की भी करोड़ों रुपये की देनदारी है, जिससे पालिका दिवालिया होने के कगार पर पहुंच गई है।
सुकड़ी नदी में फैली गंदगी, बीमारी फैलने की आशंका
शहर के बीचों-बीच बहने वाली सुकड़ी नदी में गंदगी और बदबूदार पानी से आसपास की कॉलोनियों के लोग परेशान हैं। लोगों को संक्रमण और बीमारियों का खतरा सता रहा है। मुख्य मार्गों पर भी कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी हो रही है।
मुख्य मार्गों पर झाड़ियों और गंदगी का अंबार
रणकपुर रोड, परशुराम रोड, सिन्दरली रोड, फालना रोड समेत कई मुख्य मार्गों पर बबूल की झाड़ियां फैली हुई हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। गर्मी के मौसम में मच्छरों के बढ़ने और महामारी फैलने की आशंका भी जताई गई है।
जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन
शहरवासियों ने पालिका प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द सफाई अभियान नहीं चलाया गया और भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो मजबूरन पालिका कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए पूरी जिम्मेदारी पालिका प्रशासन की होगी।
नगर पालिका से मांग की गई है कि आगामी बोर्ड बैठक में सुकड़ी नदी व मुख्य मार्गों की सफाई, अवैध निर्माण पर रोक तथा भ्रष्ट कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव पास कर सरकार को भेजा जाए। ताकि सादड़ी नगर की स्वच्छता और विकास सुनिश्चित किया जा सके।