सुजस कॉलेज कमालपुरा के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, तीन पदक जीतकर क्षेत्र का मान बढ़ाया

- बनेड़ा
महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर द्वारा आयोजित 38वीं अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सुजस महाविद्यालय, कमालपुरा के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए। इन उपलब्धियों ने न सिर्फ महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया, बल्कि क्षेत्र व समाज में भी खुशी की लहर दौड़ गई।
कोडलाई निवासी एवं सुजस कॉलेज में अध्ययनरत छात्र विशाल कुमावत, पिता सांवरमल कुमावत (किसान परिवार), ने 5.77 मीटर लॉन्ग जंप में स्वर्ण पदक प्राप्त करते हुए पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि पर गांव में भव्य स्वागत किया गया। पूर्व भाजपा मंडल महामंत्री बनेड़ा शंकर लाल कुमावत ने बताया कि ग्रामवासियों ने जुलूस निकालकर, सफा और माला पहनाकर उनका सम्मान किया तथा जीत की खुशी मनाई।

महाविद्यालय की छात्रा खुशबू गुर्जर ने हैमर थ्रो स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं छात्र हनुमान कुमावत ने 5000 मीटर दौड़ में उत्कृष्ट कौशल दिखाते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
तीनों खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से सुजस महाविद्यालय परिवार, क्षेत्रवासियों और समाज में हर्ष का माहौल है। कॉलेज प्रशासन ने भी उन सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इस शानदार प्रदर्शन ने साबित किया है कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी अवसर मिलने पर राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में सक्षम हैं।














